बिजनेस

डेली, वीकली या मंथली: किसमें मिलता है सबसे ज्यादा रिटर्न?

SIP में नियमित रूप से निवेश करने से कंपाउंडिंग का मजबूत फायदा मिलता है, लेकिन कई निवेशक इस बात को लेकर उलझन में रहते हैं कि उन्हें डेली SIP करनी चाहिए, वीकली या मंथली। इस कन्फ्यूजन को दूर करने के लिए एक फाइनेंस इंफ्लूएंसर ने 2023 के आंकड़ों का विश्लेषण किया और बताया कि निफ्टी 50, मिडकैप 150 और स्मॉलकैप 250 जैसे इंडेक्स में अलग-अलग प्रकार की SIP करने पर कितना रिटर्न मिलता है और किस विकल्प से सबसे ज्यादा फायदा हो सकता है।

Image

Investment

SIP यानी सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान, म्यूचुअल फंड में निवेश का एक आसान और भरोसेमंद तरीका है। इसमें आप नियमित रूप से छोटी-छोटी रकम डालकर बड़ा फंड तैयार कर सकते हैं। अगर आप भी SIP के जरिए निवेश करते हैं, तो एक सवाल जरूर आपके दिमाग में आता होगा डेली, वीकली या मंथली SIP… आखिर किसमें सबसे ज्यादा रिटर्न मिलता है? निवेश तो सभी करते हैं, लेकिन सही तरीका चुनना ही बड़ा फर्क पैदा करता है। कई लोग सोचते हैं कि रोजाना छोटी रकम डालने से ज़्यादा फायदा होगा, जबकि कुछ मानते हैं कि महीने में एक बार निवेश करना ही काफी है। तो क्या सच में कोई एक तरीका बाकी दोनों से बेहतर है? या फिर तीनों के रिटर्न लगभग एक जैसे हैं? इसी कन्फ्यूजन को दूर करने के लिए हालिया डेटा पर नजर डालते हैं, जो एक बेहद चौंकाने वाली सच्चाई बताता है।

उन्होंने निफ्टी 50, निफ्टी मिडकैप 150 और निफ्टी स्मॉलकैप 250 पर अलग-अलग SIP पैटर्न का हिसाब लगाया। नतीजा चौंकाने वाला था तीनों विकल्पों के रिटर्न में सिर्फ मामूली अंतर मिला।

निफ्टी 50 में डेली SIP करने पर 12.44% का रिटर्न मिलता। वहीं वीकली SIP पर 12.45% और मंथली SIP पर फिर से लगभग वही 12.44% रिटर्न मिलता। यानी तीनों में अंतर सिर्फ 0.01% का! अगर कोई 10 लाख रुपये निवेश करे, तो फर्क सिर्फ 100-200 रुपये का पड़ेगा।

निफ्टी मिडकैप 150 में भी यही ट्रेंड दिखा। डेली SIP पर 16.35%, वीकली SIP पर 16.36% और मंथली SIP पर 16.32% रिटर्न मिलता। इस बार भी फर्क 0.04% से ज्यादा नहीं था। मतलब 10 लाख निवेश पर फर्क सिर्फ 4-5 हजार रुपये का होता।

किस SIP में मिलेगा कितना रिटर्न?

स्मॉलकैप 250 के आंकड़ों में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। डेली SIP पर 13.31%, वीकली पर 13.32% और मंथली पर 13.29% रिटर्न मिल सकता था। यानी तीनों ही तरीके लगभग बराबर रिटर्न देते हैं। अगर लंबे समय जैसे 20 साल के निवेश को देखें, तब भी कुल अंतर सिर्फ 2-4 लाख रुपये का बनता है, वह भी तब जब बाजार में बहुत ज्यादा उतार-चढ़ाव हो।

अब सवाल ये है कि फिर कौन-सी SIP बेहतर है? असल में फर्क रिटर्न में नहीं, सुविधा में है। मंथली SIP सबसे आसान मानी जाती है, क्योंकि यह आपकी सैलरी के साथ मैनेज हो जाती है। वीकली SIP थोड़ा बेहतर औसत खरीदभाव दे सकती है, क्योंकि महीने में कई बार निवेश होता है। वहीं डेली SIP सबसे ज्यादा यूनिट खरीदने का मौका देती है, लेकिन रोज पैसे डालना सभी के लिए आसान नहीं होता।

SIP का बड़ा फायदा यह है कि आप सिर्फ 500 रुपये से भी अपना निवेश शुरू कर सकते हैं। बाजार ऊपर हो या नीचे, नियमित निवेश से लंबे समय में शानदार रिटर्न मिलता है। कंपाउंडिंग का फायदा भी मिलता है जो छोटी रकम को कई साल बाद बड़ी बना देता है। जहां FD या RD 6-7% का रिटर्न देती हैं, वहीं SIP ने पिछले लंबे समय में औसतन 12-15% तक रिटर्न दिए हैं। यही वजह है कि SIP महंगाई को भी आसानी से पीछे छोड़ देती है।

रिटर्न के मामले में डेली, वीकली और मंथली SIP में बड़ा फर्क नहीं है। इसलिए जो तरीका आपके लिए आसान और सुविधाजनक लगे, उसी को चुनना बेहतर है। नियमित निवेश ही असली कुंजी है, तरीका नहीं।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article