बिजनेस

Closing Bell : Sensex 160, Nifty 46 अंक टूटकर बंद, ऊपर चढ़कर क्यों लुढ़का बाजार?

आज शेयर बाजार में दिनभर उठा-पटक रही। दिन की शुरुआत में Sensex जहां करीब 100 अंक गैप अप खुला, वहीं Nifty 42 अंक बढ़कर खुला। दिन के अंत में सेंसेक्स 160 और निफ्टी 46 अंक गिरकर बंद हुए।

Image

शेयर बाजार में हल्की मजबूती का ट्रेंड

Photo : Times Now Digital

Share Market Today : शुक्रवार को शेयर बाजार में दिनभर भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में Sensex 75,870 और Nifty 23,839 तक चढ़ गए थे, लेकिन ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली और बढ़ते ग्लोबल तनाव ने बाजार की तेजी पर ब्रेक लगा दिया। आखिरकार सेंसेक्स 160 अंक टूटकर 75,237 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 46 अंक गिरकर 23,643 के स्तर पर आ गया। खास बात ये रही कि IT और FMCG शेयरों में मजबूती के बावजूद बैंकिंग, मेटल और ऑयल एंड गैस शेयरों में बिकवाली ने बाजार को नीचे खींच लिया।

बैंकिंग और मेटल शेयरों में बड़ी बिकवाली

महंगे ईंधन से बढ़ती लागत की चिंता ने बाजार सेंटीमेंट खराब किया। Nifty PSU Bank इंडेक्स 1.80% टूट गया, जबकि Metal इंडेक्स में करीब 2% की गिरावट रही। Realty और Oil & Gas शेयरों में भी जोरदार बिकवाली देखने को मिली।

IT और FMCG बने बाजार का सहारा

कमजोर बाजार में निवेशकों ने डिफेंसिव सेक्टरों का रुख किया। Nifty IT इंडेक्स 1.30% की बढ़त के साथ बंद हुआ। FMCG और Pharma शेयरों में भी खरीदारी दिखी। मीडिया इंडेक्स लगभग 2% उछला।

छोटे शेयरों में ज्यादा दबाव

सिर्फ बड़े शेयर ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी दबाव में रहे। Smallcap 100 इंडेक्स 0.61% और Midcap 100 करीब 0.45% टूट गया। इससे साफ संकेत मिला कि निवेशकों ने जोखिम वाले शेयरों में मुनाफावसूली की।

इंडेक्सबंद स्तरबदलाव
SENSEX75,237.99-160.73 (-0.21%)
NIFTY 5023,643.50-46.10 (-0.19%)
NIFTY IT27,716.90+1.30%
NIFTY METAL13,300.60-1.93%
NIFTY PSU BANK8,027.20-1.80%
NIFTY REALTY756.30-1.79%
NIFTY OIL & GAS11,250.70-1.67%

क्यों आई गिरावट?

1. दो दिन की रैली के बाद मुनाफावसूली : लगातार दो दिनों की तेज तेजी के बाद निवेशकों ने शुक्रवार को ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली की। गुरुवार को सेंसेक्स 789 अंक और निफ्टी 277 अंक उछला था। इसी वजह से बाजार खुलते ही मजबूत दिखा, लेकिन ऊपरी स्तरों पर बिकवाली हावी हो गई। ब्रोकरेज हाउस Choice Equity Broking के मुताबिक निफ्टी 23,900-24,000 के रेजिस्टेंस जोन के करीब पहुंचने से निवेशक सतर्क हो गए।

2. कच्चे तेल में उबाल से बढ़ी चिंता : ब्रेंट क्रूड 3% से ज्यादा उछलकर 109 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए महंगा क्रूड सीधे महंगाई और ट्रेड डेफिसिट बढ़ने का खतरा पैदा करता है। इसका असर बाजार सेंटीमेंट पर साफ दिखा। Oil & Gas इंडेक्स 1.67% टूट गया।

3. पेट्रोल-डीजल महंगा, फिर भी OMC शेयर टूटे : सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए, लेकिन बाजार इससे खुश नहीं दिखा। निवेशकों को उम्मीद थी कि वैश्विक तेल कीमतों के मुकाबले ज्यादा बढ़ोतरी हो सकती थी। इसी वजह से BPCL, HPCL और Indian Oil जैसे ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के शेयर दबाव में रहे।

4. रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर : रुपया डॉलर के मुकाबले 96 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया। लगातार कमजोर होता रुपया विदेशी निवेशकों की चिंता बढ़ा रहा है। डॉलर की मजबूती, महंगा क्रूड और पश्चिम एशिया संकट ने रुपये पर दबाव बढ़ाया। इसका असर बाजार पर भी दिखा।

5. ग्लोबल मार्केट से नहीं मिला सपोर्ट : एशियाई बाजारों में कमजोरी का असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा। जापान का Nikkei, दक्षिण कोरिया का Kospi और हांगकांग का Hang Seng लाल निशान में कारोबार करते दिखे। वहीं अमेरिकी फ्यूचर्स में भी कमजोरी रही। Nasdaq फ्यूचर्स 400 अंक से ज्यादा टूट गया, जिससे टेक और ग्लोबल ग्रोथ को लेकर चिंता बढ़ी।

विक्स में तेजी, बढ़ा निवेशकों में डर

बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के बीच India VIX भी चढ़ गया। शुक्रवार को India VIX करीब 0.95% बढ़कर 18.79 पर बंद हुआ। VIX में तेजी इस बात का संकेत है कि निवेशकों में आने वाले दिनों को लेकर डर और अस्थिरता बढ़ रही है। महंगा क्रूड, कमजोर रुपया, ग्लोबल तनाव और बाजार में तेज उतार-चढ़ाव की वजह से ट्रेडर्स सतर्क नजर आए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानिया author

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों... और देखें

End of Article