Share Market Closing: सोमवार, 17 नवंबर को शेयर बाजार ने हफ्ते की शुरुआत शानदार तेजी के साथ की। ग्लोबल मार्केट्स से मिले सकारात्मक संकेत और कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजों ने निवेशकों का उत्साह बढ़ा दिया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जोरदार खरीदारी जारी रही। निफ्टी मिडकैप 100 में आधे प्रतिशत से अधिक की बढ़त और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.62% की तेजी देखने को मिली।
सेंसेक्स 388.73 अंकों की बढ़त के साथ 84,951.04 के स्तर पर बंद हुआ। शुरुआती उतार-चढ़ाव के बाद बाजार ने आखिर में अच्छा रिकवरी मोमेंटम दिखाया, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा और इंडेक्स हरे निशान पर दिन समाप्त करने में कामयाब रहा। आज बाजार में सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान पर बंद हुए। बैंकिंग, ऑयल एंड गैस, पावर और PSU बैंक इंडेक्स में 0.5% से 1% तक की बढ़त देखी गई। निफ्टी पर कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा कंज्यूमर, श्रीराम फाइनेंस, NTPC और मैक्स हेल्थकेयर टॉप गेनर्स रहे। वहीं दूसरी ओर सिप्ला, डॉ. रेड्डीज, टाटा स्टील, TCS और SBI लाइफ इंश्योरेंस के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी 0.5% तक ऊपर रहे।
आज बाजार में दिखी इस मजबूत तेजी के पीछे चार बड़े कारण रहे। पहला, बैंकिंग शेयरों में जबरदस्त रैली। बैंक निफ्टी नया ऑलटाइम हाई बनाते हुए 0.8% या 451 अंक चढ़कर 58,968 पर पहुंच गया। सभी 12 बैंकिंग शेयर हरे निशान में थे। RBI की ओर से एक्सपोर्ट-ओरिएंटेड सेक्टर्स के लिए स्पेशल विंडो खोलने की घोषणा से बैंकिंग सेक्टर को मजबूती मिली। केनरा बैंक, AU स्मॉल फाइनेंस बैंक, IDFC फर्स्ट बैंक, PNB और बैंक ऑफ बड़ौदा में 1.8% से 2.5% तक की बढ़त देखी गई।
दूसरा बड़ा कारण रहा बिहार चुनाव के नतीजों का असर। सत्ताधारी गठबंधन की बड़ी जीत ने राजनीतिक स्थिरता और पॉलिसी कंटिन्यूटी की उम्मीदों को बढ़ाया। ब्रोकरेज हाउसों का मानना है कि परिणाम सरकार को आर्थिक सुधारों को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद करेंगे, जिससे निवेशकों का विश्वास मजबूत होगा।
तीसरा कारण था बेहतर तिमाही नतीजे। सितंबर तिमाही में कई कंपनियों का प्रदर्शन उम्मीद से ज्यादा अच्छा रहा। एनालिस्ट्स के अनुसार, इस बार मिडकैप कंपनियों ने लार्ज-कैप और स्मॉल-कैप कंपनियों की तुलना में बेहतर कमाई दर्ज की। विशेषज्ञों का मानना है कि FY26 की दूसरी छमाही में कंपनियों की ग्रोथ और मजबूत हो सकती है। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुताबिक, पिछले छह तिमाहियों में कंपनियों का नेट प्रॉफिट सबसे तेज 10.8% बढ़ा है, और फेस्टिव सीजन तीसरी तिमाही की कमाई को और बेहतर बना सकता है।
निफ्टी 102 अंकों की मजबूती के साथ 26,012 के ऊपर बंद हुआ। बैंक निफ्टी ने 350 से ज्यादा अंकों की तेजी के साथ एक बार फिर नया ऑल-टाइम हाई बना दिया। मिडकैप इंडेक्स भी नए शिखर पर पहुंचा, जबकि स्मॉलकैप शेयरों में भी बढ़त कायम रही। आज के सत्र में PSU बैंक सबसे मजबूत रहे, जहां इंडेक्स करीब 1.5% उछला और निवेशकों की जबरदस्त खरीदी देखने को मिली।
इस सप्ताह शेयर बाजार कई बड़े ट्रिगर्स से प्रभावित हो सकता है। निवेशक खास तौर पर FOMC बैठक के मिनट, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से जुड़ी गतिविधियां, विदेशी निवेश (FPI) के रुझान, सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव, और अन्य वैश्विक व घरेलू मैक्रोइकोनॉमिक डेटा पर नजर बनाए रखेंगे। ये सभी फैक्टर बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
पिछले सत्र में, शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार दिन के निचले स्तर से उभरते हुए हरे निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स 84.11 अंक या 0.10% बढ़कर 84,562.78 पर पहुंचा, जबकि निफ्टी 50 ने 30.90 अंक या 0.12% की बढ़त के साथ 25,910.05 पर क्लोज़ किया। आज के ग्लोबल संकेतों की बात करें तो एशियाई बाजार मिश्रित रुख में ट्रेड कर रहे हैं। जापान का निक्केई 0.39% और टॉपिक्स 0.44% गिरावट में रहा। दूसरी ओर, दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 1.43% और कोस्डैक में 0.68% की बढ़त देखने को मिली। हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने मामूली गिरावट के साथ कमजोर शुरुआत के संकेत दिए।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)