बिजनेस

Share Market Today: लगातार चौथे दिन शेयर मार्केट में तेजी, जानें कहां बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी

बैंकों के शेयरों में खरीदारी आने से घरेलू शेयर बाजार बुधवार को लगातार चौथे दिन बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 110 अंकों की तेजी रही जबकि निफ्टी 10 अंक चढ़ा। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, टाइटन, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में तेजी सबसे ज्यादा लाभ में रहे।

Image

लगातार चौथे दिन शेयर मार्केट में तेजी, जानें कहां बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी

Photo : iStock

Share Market Today: विदेशी पूंजी की आवक बढ़ने और चुनिंदा बैंकों के शेयरों में खरीदारी आने से घरेलू शेयर बाजार बुधवार को लगातार चौथे दिन बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 110 अंकों की तेजी रही जबकि निफ्टी 10 अंक चढ़ा। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारिक सूचकांक सेंसेक्स 110.58 अंक यानी 0.14 प्रतिशत बढ़कर 80,956.33 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 399.64 अंक बढ़कर 81,245.39 पर पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी 10.30 अंक यानी 0.04 प्रतिशत बढ़कर 24,467.45 पर पहुंच गया।

सेंसेक्स का हाल

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, टाइटन, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में तेजी सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी तरफ भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, अडानी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, मारुति, आईटीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 3,664.67 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। एशिया के अन्य बाजारों में जापान के निक्की में तेजी रही जबकि दक्षिण कोरिया के कॉस्पी, चीन के शंघाई कंपोजिट और हांगकांग के हैंगसेंग में गिरावट रही।

अन्य बाजारों का हाल

यूरोप के अधिकांश बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। मंगलवार को अधिकांश अमेरिकी बाजारों में तेजी रही। बुधवार को एक मासिक सर्वेक्षण में कहा गया कि नवंबर में भारत का सेवा क्षेत्र का खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) गिरकर 58.4 पर आ गया, जबकि इस क्षेत्र में रोजगार में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.34 प्रतिशत बढ़कर 73.91 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। सेंसेक्स मंगलवार को 597.67 अंक उछलकर 80,845.75 और निफ्टी 181.10 अंक बढ़कर 24,457.15 पर बंद हुआ था।

pawan mishra
Pawan Mishra author

पवन कुमार मिश्रा Timesnowhindi.com के साथ फरवरी 2024 से बतौर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में जुड़े हैं। जन्म दिल्ली में हुआ और शिक्षा भी यहीं से पूरी की है। कारों से खास प्रेम है और ऑटोमोबाइल जगत से संबंधित हर छोटी-बड़ी अपडेट पर अपनी नजर रखते हैं और लोगों को गाड़ियों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करते हैं। इसके साथ ही लोगों की आम समस्याओं और समस्याओं के समाधान के बारे में यूटिलिटी सेक्शन में भी लिखते हैं। संगीत में काफी रूचि है और व्यस्त न होने पर गाने गुनगुनाते या सुनते हुए नजर आते हैं। घूमने का भी काफी शौक है और प्रकृति से काफी लगाव भी। रामजस कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और इससे पहले बिजनेसवर्ल्ड हिंदी में बतौर सब-एडिटर भी काम कर चुके हैं। पिछले 3.5 सालों से मीडिया इंडस्ट्री में मौजूद हैं।

और पढ़ें
End of Article