Sensex Top 10 Companies Market Capitalisation: सेंसेक्स की टॉप 10 में से 7 कंपनियों के मार्केट कैप में बीते हफ्ते कुल 67,859.77 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। सबसे ज्यादा फायदा आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक को हुआ। पिछले हफ्ते BSE का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 598.03 अंक (0.99 प्रतिशत) चढ़ गया था। बताते चलें कि शेयर बाजार शुक्रवार (14 अप्रैल) को डॉ. अंबेडकर जयंती के मौके पर बंद था। सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, आईटीसी, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और भारती एयरटेल फायदे में रहीं। तो वहीं दूसरी ओर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), हिंदुस्तान यूनिलीवर और इन्फोसिस को नुकसान उठाना पड़ा।
ICICI Bank के मार्केट कैप में 17,188.25 करोड़ रुपये का इजाफा
बीते हफ्ते आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 17,188.25 करोड़ रुपये बढ़कर 6,27,940.23 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप भी 15,065.31 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 9,44,817.85 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। जबकि, एचडीएफसी का बाजार मूल्यांकन 10,557.84 करोड़ रुपये बढ़कर 5,11,436.51 करोड़ रुपये पर पहुंच गया तो आईटीसी का मार्केट कैप 10,190.97 करोड़ रुपये बढ़कर 4,91,465.96 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
फायदे में रहीं रिलायंस और एसबीआई
इनके अलावा, रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 9,911.59 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 15,93,736.01 करोड़ रुपये रहा। एसबीआई का मार्केट कैप 4,640.8 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 4,75,815.69 करोड़ रुपये पर और भारती एयरटेल का 305.01 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 4,27,416.08 करोड़ रुपये रहा।
घाटा उठाने वालों में शामिल रहीं ये 3 कंपनियां
हालांकि, सेंसेक्स की टॉप 10 में से 3 कंपनियों के मार्केट वैल्यू में गिरावट भी देखने को मिली। सबसे ज्यादा नुकसान इंफोसिस को हुआ, जिसका मार्केट कैप 13,897.67 करोड़ रुपये टूटकर 5,76,069.05 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। टीसीएस की मार्केट वैल्यू भी 11,654.08 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 11,67,182.50 करोड़ रुपये पर आ गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार मूल्यांकन 6,954.79 करोड़ रुपये घटकर 5,95,386.43 करोड़ रुपये रह गया।
टीसीएस और इंफोसिस ने जारी किए चौथी तिमाही के नतीजे
गौरतलब है कि देश की सबसे बड़ी आईटी एक्सपोर्ट कंपनी टीसीएस का मार्च तिमाही का शुद्ध लाभ 14.8 प्रतिशत बढ़कर 11,392 करोड़ रुपये रहा है। हालांकि, कंपनी ने अपने प्रमुख उत्तरी अमेरिका के बाजार को लेकर चिंता जताई है। कंपनी का तिमाही परिणाम बुधवार को आया था। इसके अलावा, इन्फोसिस का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ उम्मीद से कम रहा है। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के लिए रेवेन्यू में 4 से 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी का संकेत दिया है, जो काफी कमजोर है।
पीटीआई इनपुट्स के साथ
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
