बिजनेस

Indian Stock Market: भारी बिकवाली से स्टॉक मार्केट ने लगाया गोता, चारों तरफ देखने को मिली प्रॉफिट बुकिंग

  • Edited by: Rohit Ojha
  • Updated Jul 10, 2024, 06:43 PM IST

Indian Stock Market: कारोबारियों के अनुसार, अमेरिका में नीतिगत दर में कटौती को लेकर अनिश्चितता से भी घरेलू बाजार प्रभावित हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 314.46 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। मार्केट में भारी बिकवाली देखने को मिली, जिससे इंडेक्स में गिरावट आई।

Image

शेयर बाजार।

Photo : BCCL

Indian Stock Market: भारतीय शेयर मार्केट में बुधवार को भारी बिकवाली से बीएसई सेंसेक्स 426 अंक से अधिक टूटकर रिकॉर्ड स्तर से नीचे फिसल गया। हाल की तेजी के बाद बाजार में चौतरफा मुनाफावसूली देखने को मिली जिससे धातु, वाहन और आईटी कंपनियों के शेयर काफी नुकसान में रहे। कारोबारियों के अनुसार, अमेरिका में नीतिगत दर में कटौती को लेकर अनिश्चितता से भी घरेलू बाजार प्रभावित हुआ। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 426.87 अंक यानी 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79,924.77 अंक पर बंद हुआ।

घरेलू बाजार में मुनाफावसूली

शुरुआती कारोबार में यह 129.72 अंक की बढ़त के साथ अपने अबतक के उच्चतम स्तर 80,481.36 अंक पर पहुंच गया था। वहीं बाद में यह 915.88 अंक का गोता लगाकर 79,435.76 अंक पर आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 108.75 अंक यानी 0.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,324.45 अंक पर बंद हुआ। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि कंपनियों के तिमाही नतीजों की शुरुआत से पहले घरेलू बाजार में मुनाफावसूली हुई। वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुस्ती से बिक्री वृद्धि में नरमी तथा अधिक महंगाई से मार्जिन प्रभावित होने से वित्तीय परिणाम को लेकर उम्मीद हल्की है।

बजट का असर

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, बजट को लेकर अधिक उम्मीदों के कारण बाजार अस्थायी रूप से जोखिम की ओर भी है। पिछले एक महीने की तेजी में बजट उम्मीदों का असर दिख रहा है। सेंसेक्स के शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा छह प्रतिशत नीचे आ गया। कंपनी ने मांग को गति देने के लिए एसयूवी एक्सयूवी700 मॉडल के कुछ वैरिएंट के दाम घटाये हैं। इसके अलावा टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, भारतीय स्टेट बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा मोटर्स और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी नुकसान में रहे।

टॉप गेनर

वहीं लाभ में रहने वाले शेयरों में एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, पावरग्रिड, अडानी पोर्ट्स और भारती एयरटेल शामिल हैं। रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा कि कारोबार के दौरान इंडेक्स में गिरावट से धारणा थोड़ी कमजोर हुई है। लेकिन कुछ क्षेत्रों में मजबूती ने नुकसान को सीमित किया। छोटी कंपनियों के शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाले बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.69 प्रतिशत नीचे आया जबकि मझोली कंपनियों के शेयरों का सूचकांक 0.19 प्रतिशत टूटा।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.24 प्रतिशत चढ़कर 84.86 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 314.46 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 391.26 अंक चढ़कर रिकॉर्ड 80,351.64 अंक पर और एनएसई निफ्टी 112.65 अंक की बढ़त के साथ 24,433.20 अंक के नये शिखर पर बंद हुआ था।

Rohit Ojha
Rohit Ojhaauthor

<p>रोहित ओझा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉरस्पॉडेंट सितंबर 2023 से काम कर रहे हैं। यहां पर वो बिजेनस और यूटिलिटी की खबरों पर काम करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में पांच साल से अधिक का अनुभव। चुनावी खबरों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर फिलहाल स्टॉक मार्केट, इकोनॉमी और पर्सनल फाइनेंस की खबरों के साथ जारी है। डेस्क और फील्ड दोनों में ही काम करने का तजुर्बा। टाइम्स नाऊ नवभारत से पहले अलग-अलग मीडिया संस्थानों में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। अमर उजाला, टीवी9 हिंदी, इंडिया टीवी, आज तक जैसे मीडिया संस्थान में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। स्टॉक मार्केट और इकोनॉमी के साथ-साथ देश की सियासी घटनाओं पर लिखने का अनुभव है। 2019 के आम चुनाव से लेकर तमाम विधानसभा की चुनावी खबरों पर काम किया है। 2019 का क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल की खबरों पर भी काम किया है। किस्से-कहानियों में मन लगता है। शारदा यूनिवर्सिटी से मास-कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म किया है। गृह जनपद- बक्सर। साहित्य, सियासत और सिनेमा पर लिखना-पढ़ना खूब पसंद है।</p>

और पढ़ें
End of Article