Crypto Scam: भारत की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अमेरिका के अनुरोध पर मनी लॉन्ड्रिंग और प्रतिबंधों के उल्लंघन के आरोपी एक क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज एडमिन को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान एलेक्सेज़ बेशिओकोव के रूप में हुई है, जो रूस का निवासी और लिथुआनिया का नागरिक है। अमेरिका के न्याय विभाग के अनुसार, वह Garantex नामक रूसी क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज का एक एडमिन है और मनी लॉन्ड्रिंग साजिश, प्रतिबंधों के उल्लंघन और अवैध मनी ट्रांसफर ऑपरेशन में शामिल था।
भारत से भागने की फिराक में था आरोपी
CBI के अनुसार, बेशिओकोव दक्षिणी भारतीय राज्य केरल में छिपा हुआ था और भारत से भागने की योजना बना रहा था। अमेरिका के अनुरोध पर भारत के विदेश मंत्रालय ने उसके खिलाफ अस्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
अमेरिका करेगा प्रत्यर्पण की मांग
अमेरिकी न्याय विभाग के प्रवक्ता ने CNN को बताया कि "हम पुष्टि कर सकते हैं कि Garantex के एडमिन एलेक्सेज़ बेशिओकोव को भारत में गिरफ्तार किया गया है।" अब अमेरिका जल्द ही उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू करेगा।
Garantex पर लगे आरोप और अवैध लेन-देन
Garantex ने अप्रैल 2019 से अब तक $96 अरब (लगभग 8 लाख करोड़ रुपये) से अधिक के क्रिप्टो लेन-देन किए हैं। अमेरिका ने अप्रैल 2022 में Garantex पर प्रतिबंध लगा दिया था। TRM Labs के अनुसार, यह कार्रवाई अवैध वित्तीय गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, लेकिन ऐसे एक्सचेंज नए नामों से दोबारा सक्रिय होने की कोशिश कर सकते हैं। अमेरिकी अधिकारियों की इस कार्रवाई से क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े अवैध वित्तीय लेन-देन के खिलाफ वैश्विक प्रयासों को मजबूती मिली है।
