बिजनेस

डॉलर के सामने रुपया धड़ाम: अबतक के सबसे निचले स्तर पर पहुंची इंडियन करेंसी, 1 Dollar की कीमत अब हुई इतनी

भारतीय प्रोडक्ट और सर्विस पर अमेरिकी टैरिफ और एच-1बी वीजा शुल्क में भारी बढ़ोतरी ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया है। इसका असर रुपये पर दिखाई दे रहा है। भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले लगातार कमजोर होता जा रहा है।

Image

डॉलर के सामने रुपया

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 30 पैसे टूटकर 88.60 के ऑल टाइम लो पर पहुंच गया है। आपको बता दें कि यह डॉलर के मुकाबले रुपये का अबतक का सबसे निचला स्तर है। अब 1 डॉलर की कीमत 88.60 रुपये हो गई है। भारतीय वस्तुओं पर अमेरिका द्वारा लगाए गए भारी टैरिफ और अमेरिकी एच-1बी वीजा शुल्क में बेतहाशा बढ़ोतरी ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया है। इससे डॉलर के मुकाबले रुपये में बड़ी गिरावट आई हैं मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि वैश्विक जोखिम से बचने की प्रवृत्ति और व्यापार नीति की अनिश्चितता ने भी रुपये पर दबाव बढ़ा है। इससे डॉलर के मुकाबल रुपये में गिरावट जारी है।

डॉलर के मुकाबले टूटकर खुला रुपया

मंगलवार को अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया 88.41 पर खुला, फिर और गिरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.60 के निचले स्तर पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 30 पैसे की गिरावट दर्शाता है। सोमवार को रुपया 12 पैसे की गिरावट के साथ 88.28 पर बंद हुआ था। विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर की ओर गिर रहा है क्योंकि बाजार प्रतिभागी अमेरिका के नए 1,00,000 अमेरिकी डॉलर के एच-1बी वीजा शुल्क के संभावित नतीजों का विश्लेषण कर रहे हैं। इससे धन प्रेषण वृद्धि में मंदी आ सकती है और अमेरिका को सेवा निर्यात में कमी आ सकती है।

डॉलर इंडेक्स में गिरावट

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.30 पर आ गया। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार 207.78 अंक या 0.25 प्रतिशत फिसलकर 81,952.19 अंक पर जबकि निफ्टी 68.40 अंक या 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,133.95 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 66.16 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 2,910.09 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article