बिजनेस

लौट आया Campa Cola: 50 साल पुराने ब्रांड में अंबानी ने फूंकी जान, दुनिया की दो सबसे बड़ी कंपनियों को ड्रिंक देगी टक्कर

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Mar 9, 2023, 07:38 PM IST

Campa Cola: आरसीपीएल ने इसे ‘द ग्रेट इंडियन टेस्ट’ का नाम दिया है। शुरुआती दौर में शीतल पेय श्रेणी में तीन नये फ्लेवर- कैम्पा कोला, कैंपा लेमन और कैंपा ऑरेंज को शामिल किया जाएगा।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

Photo : टाइम्स नाउ ब्यूरो

Campa Cola: 70 के दशक का प्रतिष्ठित भारतीय पेय ब्रांड कैंपा कोला भारतीय बाजार में लौट आया है। नए अंदाज में इसे रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के चेयरमैन मुकेश अंबानी की कंपनी ने री-लॉन्च किया है। गुरुवार (नौ मार्च, 2023) को उनके नेतृत्व वाली रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल) ने 50 साल पुराने कैंपा कोला को फिर से पेश करने का ऐलान किया। रोचक बात है कि अंबानी की कंपनी की ओर से इस प्रोडक्ट में नई जान फूंकने के बाद यह घरेलू ब्रांड सीधे तौर पर विश्व की दो सबसे बड़ी कंपनियों (पेप्सीको और कोका कोला) को टक्कर देता नजर आएगा।

आरसीपीएल की ओर से जारी बयान के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा ने बताया, ''शुरुआती दौर में शीतल पेय श्रेणी में तीन नये फ्लेवर- कैम्पा कोला, कैंपा लेमन और कैंपा ऑरेंज को शामिल किया जाएगा।'' पहले यह आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में उपलब्ध होगा, जिसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में पेश किया जाएगा।

स्टेंटमेंट के अनुसार, आरसीपीएल ने इसे ‘द ग्रेट इंडियन टेस्ट’ का नाम दिया है। आरसीपीएल के प्रवक्ता ने कैंपा की पेशकश के मौके पर कहा, ''हम उम्मीद करते हैं कि नयी पीढ़ी के उपभोक्ता कैंपा के इस नये अवतार को अपनाएंगे और युवा उपभोक्ताओं को नया स्वाद पसंद आएगा। तेजी से विकसित हो रहे भारतीय बाजार में खपत अधिक होने के कारण कैंपा के लिए कहीं अधिक अवसर हैं।''

आरसीपीएल अरबपति और जाने-माने कारोबारी अंबानी के नेतृत्व वाली आरआईएल की सहायक कंपनी है। यह रोजमर्रा में काम आने वाली चीजें (एफएमसीजी) बनाती है, जबकि जनवरी, 2023 में आरसीपीएल ने गुजरात के कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक और जूस बनाने वाली कंपनी सोस्यो हजूरी बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड में 50 फीसदी हिस्सेदारी हासिल कर ली थी। कंपनी ने इससे पहले प्योर ड्रिंक्स ग्रुप से कथित तौर पर 22 करोड़ रुपए में कैंपा ब्रांड का अधिग्रहण किया था और अब आरसीपीएल ने कैंपा ब्रांड को फिर से लॉन्च किया है।

दरअसल, कैम्पा-कोला 1970 और 1980 के दशक में एक लोकप्रिय शीतल पेय ब्रांड था, लेकिन कोका-कोला और पेप्सिको के आने के बाद ये पिछड़ता गया था। ताजा घटनाक्रम के बाद मार्केट एक्सपर्ट्स की मानें तो घरेलू ब्रांड कैंपा सीधे तौर पर दुनिया की दो सबसे बड़ी कंपनियों- पेप्सीको और कोका कोला को टक्कर देगा।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article