PM मोदी की अपील: ‘आपका पैसा, आपका अधिकार’ अभियान में हिस्सा लें, जानें कैसे पाएं अपना भूला पैसा
- Edited by: आलोक कुमार
- Updated Dec 10, 2025, 04:00 PM IST
मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सभी हितधारकों खासतौर पर सरकार, नियामक निकायों, बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों के समन्वित प्रयासों से करीब 2,000 करोड़ रुपये पहले ही उनके सही मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी (X handle)
बैंकों, बीमा कंपनी, शेयर या म्यूचुअल फंड में आपका या परिवार का पैसा पड़ा है तो उसे पाने का यह बेहतरीन मौका है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से ‘आपका धन, आपका अधिकार’ अभियान में हिस्सा लेने का बुधवार को आग्रह किया। इसके तहत पिछले दो महीनों में 2,000 करोड़ रुपये की बिना दावे वाली संपत्तियां उनके असली मालिकों को सफलतापूर्वक लौटाई गई हैं। सरकार ने 4 अक्टूबर को ‘आपका पैसा, आपका अधिकार’ राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया था। इसका उद्देश्य बैंक जमा, बीमा, लाभांश, शेयर, म्यूचुअल फंड और पेंशन सहित लावारिस पड़ीं वित्तीय संपत्तियों को उनके वैध दावेदारों तक पहुंचाने में मदद करना है। उन्होंने कहा कि हम आने वाले दिनों में इस आंदोलन को और व्यापक बनाना चाहते हैं।
उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि भारतीय बैंकों में हमारे ही नागरिकों का बिना दावे का 78,000 करोड़ रुपये पड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि बीमा कंपनियों के पास करीब 14,000 करोड़ रुपये की राशि बिना दावे के पड़ी है। साथ ही म्यूचुअल फंड कंपनियों के पास करीब 3,000 करोड़ रुपये और 9,000 करोड़ रुपये की ऐसी लाभांश राशि रखी है।
477 जिलों में शिविर आयोजित किए गए
मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सभी हितधारकों खासतौर पर सरकार, नियामक निकायों, बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों के समन्वित प्रयासों से करीब 2,000 करोड़ रुपये पहले ही उनके सही मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। अक्टूबर से पांच दिसंबर 2025 तक 477 जिलों में शिविर आयोजित किए गए। इनमें जन प्रतिनिधियों, जिला प्रशासनों और वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
कैसे पाएं अपना भूला पैसा
अगर आपको लगता है आपका या आपके परिवार का पैसा कहीं बिना क्लेम के पड़ा हो सकता है, तो आप उद्गम पोर्टल पर खोजें: सबसे पहले पोर्टल पर जाकर नाम डालकर देखें। बैंक/बीमा कंपनी से संपर्क करें: अगर पोर्टल पर जानकारी मिले तो सीधे संबंधित संस्थान से बात करें। दस्तावेज तैयार रखें: क्लेम के लिए आधार, पैन, पता प्रमाण और बैंकिंग डॉक्यूमेंट्स की जरूरत पड़ेगी। अभी सरकार शिविर आयोजित कर रही है। इसमें जाकर आप अपने या परिवार के भूले पैसे की जानकारी ले सकते हैं और वापस भी पा सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।