बिजनेस

Retirement Funds: NPS में बड़े बदलाव की तैयारी में PFRDA, ला रहा नई स्कीम न्यू बैलेंस्ड लाइफ साइकिल फंड

Retirement Funds: पेंशन फंड रेगुलेटर PFRDA ने नई पेंशन व्यवस्था (NPS) को और आकर्षक बनाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए न्यू बैलेंस्ड लाइफ साइकिल फंड पेश करेगा। इससे लोगों को अच्छा-खासा रिटायरमेंट फंड बनाने में मदद मिलेगी।

Image

रिटायरमेंट फंड के लिए आएगी नई स्कीम (तस्वीर-Canva)

Retirement Funds: पेंशन फंड रेगुलेटर PFRDA युवाओं के बीच नई पेंशन व्यवस्था (NPS) को आकर्षक बनाने के लिए ‘न्यू बैलेंस्ड लाइफ साइकिल फंड’ पेश करने की तैयारी में है। इससे रिटायरमेंट तक अंशधारक को एक अच्छा-खासा फंड बनाने में मदद मिलेगी। PFRDA की इस प्रस्तावित योजना के तहत इक्विटी फंड में लंबे समय तक अधिक निवेश राशि आवंटित की जा सकेगी। इस योजना के अंतर्गत अंशधारक के 45 साल का होने पर इक्विटी निवेश में धीरे-धीरे कमी आएगी जबकि अभी 35 साल से यह कटौती शुरू हो जाती है। इस तरह NPS से जुड़ने वाले अंशधारकों को 45 साल की उम्र तक इक्विटी फंड में अधिक निवेश राशि आवंटित करने की सुविधा मिलेगी। इससे उन्हें रिटायरमेंट तक एक बढ़िया फंड तैयार करने में मदद मिलेगी।

जुलाई-सितंबर में न्यू बैलेंस्ड लाइफ साइकिल फंड

पेंशन फंड विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) के चेयरमैन दीपक मोहंती ने शुक्रवार को यहां कहा कि हम अधिक लंबे समय तक इक्विटी शेयर फंड में निवेश आवंटित करने को लेकर दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में ‘न्यू बैलेंस्ड लाइफ साइकिल फंड’ लेकर आएंगे। इससे इक्विटी फंड में लंबे समय तक अधिक आवंटन किया जा सकेगा। उन्होंने अटल पेंशन योजना से संबंधित एक कार्यक्रम में कहा कि NPS की इस नई योजना के अंतर्गत 45 साल के उम्र से इक्विटी निवेश में धीरे-धीरे कमी आएगी जबकि अभी 35 साल से ही यह कटौती शुरू हो जाती है। ऐसा होने पर NPS का विकल्प चुनने वाले लोग लंबे समय तक इक्विटी फंड में अधिक राशि का निवेश कर सकेंगे। इससे लॉन्ग टर्म में पेंशन फंड बढ़ेगा जबकि जोखिम और रिटर्न के बीच संतुलन भी स्थापित होगा।

मोहंती ने अटल पेंशन योजना (APY) का जिक्र करते हुए कहा कि बीते वित्त वर्ष 2023-24 में APY से 1.22 लाख नये अंशधारक जुड़े। योजना शुरू होने के बाद से किसी एक वित्त वर्ष में अब तक की यह सर्वाधिक संख्या है। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में 1.3 करोड़ अंशधारकों के इस योजना से जुड़ने की उम्मीद है। PFRDA के मुताबिक जून 2024 तक APY से जुड़ने वाले अंशधारकों की कुल संख्या 6.62 करोड़ को पार कर जाने का अनुमान है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article