बिजनेस

NSE IPO का रास्ता साफ, बोर्ड बैठक में समिति का ऐलान, जल्द तय होंगे मर्चेंट बैंकर और इश्यू मैनेजर

सेबी की मंजूरी के बाद एनएसई बोर्ड 6 फरवरी को बैठक कर IPO प्रक्रिया आगे बढ़ाने और IPO समिति गठित करने पर फैसला किया है। लंबे समय से अटका एनएसई का IPO अब पटरी पर लौटता दिख रहा है। जल्द ही इसके मर्चेंट बैंकर और इश्यू मैनेजर तय होंगे।

Image

आने वाला है NSE का आईपीओ

NSE IPO Board Meeting Today: (आज एनएसई की बोर्ड मीटिंग)। NSE IPO को लेकर आज अहम बैठक हो रही है। देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का बहुप्रतीक्षित IPO अब जमीन पर उतरता नजर आ रहा है। सेबी से मंजूरी मिलने के बाद एक्सचेंज का बोर्ड 6 फरवरी को बैठक कर IPO प्रक्रिया को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाने और IPO समिति के गठन पर फैसला करेगा।

IPO प्रक्रिया की निगरानी करेगी समिति

बाजार सूत्रों के मुताबिक, बोर्ड बैठक में एक विशेष IPO समिति गठित किए जाने की उम्मीद है। यह समिति एक्सचेंज की लिस्टिंग से जुड़ी पूरी प्रक्रिया की केंद्रीय निगरानी संस्था होगी। समिति मर्चेंट बैंकर और कानूनी सलाहकारों की नियुक्ति के मानदंड तय करेगी और ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) समेत जरूरी दस्तावेज तैयार कराने की जिम्मेदारी संभालेगी।

वित्तीय नतीजों को भी मिलेगी मंजूरी

बैठक में दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही और नौ महीनों के बिना ऑडिट वाले वित्तीय नतीजों की भी समीक्षा कर उन्हें मंजूरी दी जाएगी, जिससे IPO प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता और साफ होगा।

दस साल से अटका था IPO

एनएसई की लिस्टिंग योजना 2016 से अटकी हुई थी। उस समय एक्सचेंज ने मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी बेचकर करीब ₹10,000 करोड़ जुटाने के लिए दस्तावेज जमा किए थे। हालांकि कामकाज से जुड़ी खामियों और चर्चित को-लोकेशन विवाद के चलते सेबी ने मंजूरी रोक दी थी। इसके बाद एनएसई कई बार नियामक से संपर्क करता रहा।

अब खुला रास्ता

पिछले सप्ताह सेबी की मंजूरी मिलने के बाद अब IPO प्रक्रिया फिर से पटरी पर लौटती दिख रही है। बाजार जानकारों का मानना है कि एनएसई की लिस्टिंग भारतीय पूंजी बाजार के लिए बड़ा इवेंट साबित हो सकती है।

IPO कितना बड़ा हो सकता है

बाजार जानकारों के मुताबिक एनएसई का आईपीओ देश के सबसे बड़े इश्यू में शामिल हो सकता है। 2016 में दायर शुरुआती दस्तावेजों के मुताबिक एक्सचेंज ने करीब ₹10,000 करोड़ जुटाने की योजना बनाई थी, लेकिन अब कंपनी का वैल्यूएशन और कारोबार दोनों काफी बढ़ चुके हैं। ऐसे में मौजूदा परिस्थितियों में आईपीओ का आकार इससे बड़ा भी हो सकता है, हालांकि अंतिम आकार शेयरधारकों द्वारा बेचे जाने वाले हिस्से और बाजार की स्थितियों पर निर्भर करेगा।

अनलिस्टेड बाजार में शेयर का भाव क्या है

एनएसई के शेयर इस समय अनलिस्टेड बाजार में सक्रिय रूप से ट्रेड हो रहे हैं और हालिया सौदों में इनकी कीमत करीब ₹1,900–2,100 प्रति शेयर के दायरे में बताई जा रही है। आईपीओ प्रक्रिया आगे बढ़ने और लिस्टिंग की टाइमलाइन स्पष्ट होने के साथ इन अनलिस्टेड शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी भी बढ़ती दिख रही है।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article