बिजनेस

महीने के आखिरी 7 दिन 'No-Spend Challenge' करें पूरा, पैसा बचाने में काम आएगा ये तरीका

No-Spend Challenge: हर महीने बजट बनाने के बावजूद महीने के अंत में जेब खाली हो जाती है तो आपको 7 दिन का No-Spend Challenge शुरू करना चाहिए।

Image

No Spend Challenge क्या है (AI Generated Image, Newsroom Verified)

No-Spend Challenge: महीने का बजट बनाते समय अक्सर लगता है कि इस बार खर्च को कंट्रोल कर लेंगे, लेकिन महीने के बीच में ही खाने-पीने, ऑनलाइन शॉपिंग और छोटी-छोटी जरूरतों पर अतिरिक्त पैसा खर्च हो जाता है। ऐसे में महीने के आखिरी 7 दिन का No-Spend Challenge आपके खर्च को कंट्रोल करने का एक आसान तरीका हो सकता है। हालांकि, 7 दिन के इस नो-स्पेंड चैलेंज का मतलब यह नहीं है कि पूरे 7 दिन बिल्कुल भी पैसा खर्च नहीं करना है, यह फॉर्मूला केवल बेफिजूल के खर्चों को कंट्रोल करने से जुड़ा है-

क्या है 7 दिन का No-Spend Challenge

7 दिन का No-Spend Challenge एक छोटी अवधि का बजटिंग तरीका है, जिसमें लगातार 7 दिनों तक गैर-जरूरी खर्च पूरी तरह रोकने की कोशिश की जाती है।

ऐसे शुरू करें चैलेंज

जरूरी और गैर-जरूरी खर्चों की लिस्ट

चैलेंज शुरू करने से पहले जरूरी और गैर-जरूरी खर्चों की लिस्ट बना लें। घर का जरूरी राशन, दवा, ट्रैवल या किसी जरूरी बिल की पेमेंट को इस चैलेंज से बाहर रखा जा सकता है। वहीं ऑनलाइन शॉपिंग, बाहर का खाना, कैफे, मूवी, अनावश्यक सब्सक्रिप्शन या बिना जरूरत की खरीदारी को 7 दिनों के लिए रोक दें।

घर में रखे सामान का इस्तेमाल

No-Spend Challenge के दौरान सबसे ज्यादा मदद आपके घर में पहले से रखे सामान से मिल सकती है। किचन में रखे राशन, स्नैक्स और दूसरी चीजों की लिस्ट बनाएं और कोशिश करें कि इन्हीं से अगले 7 दिन का काम चलाया जाए। इससे बाहर से खाना मंगाने या छोटी-छोटी किराना खरीदारी पर होने वाला खर्च कम किया जा सकता है।

ऑनलाइन शॉपिंग ऐप से दूरी

कई बार बिना जरूरत के सामान खरीदने की शुरुआत सिर्फ ऑनलाइन ऐप खोलने से होती है। इसलिए 7 दिनों के लिए शॉपिंग ऐप्स से दूरी बनाएं और जरूरी न होने वाली चीजों को कार्ट में डालने से भी बचें। अगर कोई सामान पसंद आता है तो उसे तुरंत खरीदने के बजाय 7 दिन बाद दोबारा सोचें। संभव है कि तब उसकी जरूरत ही महसूस न हो।

फैमिली के साथ क्वालिटी टाइम

No-Spend का मतलब घर में बोर होना भी नहीं है। बाहर घूमने या पैसे खर्च करने के बजाय घर पर फिल्म देखना, किताब पढ़ना, परिवार के साथ समय बिताना या पार्क में घूमना जैसे विकल्प अपनाए जा सकते हैं। इससे बिना अतिरिक्त खर्च के समय भी अच्छा बीतेगा।

इस बात का ध्यान रखें कि इस चैलेंज का सबसे जरूरी हिस्सा यही है कि 7 दिनों में जो पैसा खर्च होने से बचा है, उसे दोबारा खर्च न किया जाए। चैलेंज पूरा होने पर बची रकम को सेविंग अकाउंट, इमरजेंसी फंड या किसी तय वित्तीय लक्ष्य के लिए अलग रखा जा सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article