मल्टीबैगर डिफेंस स्टॉक अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के शेयरों में बुधवार, 28 मई को जोरदार उछाल देखा गया। कंपनी को ₹113.81 करोड़ का बड़ा एक्सपोर्ट ऑर्डर मिलने के बाद शेयर 15% चढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। बीएसई स्मॉलकैप में लिस्ट इस स्टॉक ने लगातार दूसरे दिन तेजी दिखाई है। दो सेशन में ही शेयर 27% तक बढ़ चुका है। वहीं मई महीने में अब तक इसने 46% की बढ़त दर्ज की है। डिफेंस सेक्टर में गतिविधियों के चलते इस शेयर में जबरदस्त खरीदारी देखी जा रही है।
रिकॉर्ड लेवल पर पहुंचा शेयर
बुधवार को शेयर ₹157.15 पर खुला, जो पिछले बंद ₹155.80 से थोड़ा ऊपर था। दिन के कारोबार में यह ₹179 तक चढ़ गया, जो इसका नया 52-सप्ताह का उच्चतम स्तर है। पिछले दो वर्षों में यह स्टॉक 421% चढ़ चुका है, जबकि तीन वर्षों में 1460% और पांच वर्षों में 2040% की बेमिसाल बढ़त दी है। यह आंकड़े इसे एक मजबूत मल्टीबैगर स्टॉक के रूप में स्थापित करते हैं।
कंपनी ने बुधवार को बताया कि उसे लगभग USD 13.36 मिलियन (₹113.81 करोड़) का एक्सपोर्ट ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर एक एडवांस्ड एवियोनिक्स सिस्टम के डेवलपमेंट के लिए है, जिसका उपयोग सिविल और मिलिट्री दोनों प्रकार के विमानों में किया जाएगा। तकनीकी और प्रोजेक्ट विवरण एक गोपनीयता समझौते (NDA) के तहत साझा नहीं किए गए हैं।
डिविडेंड का ऐलान
इसके साथ ही कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए ₹0.25 प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड की भी सिफारिश की है। यह डिविडेंड शेयरधारकों की AGM में मंजूरी के बाद वितरित किया जाएगा।
डिस्क्लेमर : यहां शेयर बाजार में निवेश की सलाह नहीं दी गई है। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
