बिजनेस

Indian Stock Market: पहली तिमाही के नतीजे, ग्लोबल ट्रेंड्स से इस सप्ताह प्रभावित होगी मार्केट की चाल

  • Edited by: Rohit Ojha
  • Updated Jul 13, 2024, 06:43 PM IST

Indian Stock Market: इस सप्ताह जिन प्रमुख कंपनियों के तिमाही नतीजे आएंगे, उनमें एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, बजाज ऑटो, बीपीसीएल, जेएसडब्ल्यू स्टील, एशियन पेंट्स, इंफोसिस और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं। शुक्रवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जून में खुदरा मुद्रास्फीति बढ़कर 5.08 प्रतिशत पर पहुंच गई।

Image

शेयर बाजार।

Photo : BCCL

Indian Stock Market: इंफोसिस और रिलायंस इंडस्ट्रीज सहित कई प्रमुख कंपनियों के तिमाही नतीजों, वैश्विक रुझानों और विदेशी निवेशकों की कारोबारी गतिविधियों से इस सप्ताह बाजार की चाल प्रभावित होगी। विश्लेषकों ने छुट्टियों वाले इस सप्ताह में शेयर बाजारों को लेकर ये अनुमान जताया। कारोबारियों ने कहा कि सोमवार को आने वाले जून के घरेलू थोक मूल्य सूचकांक मुद्रास्फीति के आंकड़े भी कारोबारी भावनाओं को प्रभावित करेंगे। मुहर्रम के कारण बुधवार को बाजार बंद रहेंगे।

इन कंपनियों के आएंगे नतीजे

इस सप्ताह जिन प्रमुख कंपनियों के तिमाही नतीजे आएंगे, उनमें एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, बजाज ऑटो, बीपीसीएल, जेएसडब्ल्यू स्टील, एशियन पेंट्स, इंफोसिस और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं। स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट लिमिटेड के शोध प्रमुख संतोष मीना ने कहा कि इस सप्ताह पहली तिमाही के नतीजों पर मुख्य रूप से नजर रहेगी। इस दौरान इंफोसिस और रिलायंस जैसी दिग्गज कंपनियां अपने नतीजे जारी करने वाली हैं। इसके अतिरिक्त, बजट-पूर्व चर्चाओं से भी बाजार में उतार-चढ़ाव का अनुमान है।

चीन पर रहेगी नजर

मीना ने कहा कि वैश्विक मोर्चे पर चीन को लेकर विशेष नजर रहेगी। अन्य वैश्विक कारकों पर भी नजर रखनी चाहिए, जिनमें अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन का भाषण, अमेरिकी खुदरा बिक्री के आंकड़े और जापान के व्यापक आर्थिक आंकड़े शामिल हैं। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के खुदरा शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि सोमवार को बाजार भारत के मुद्रास्फीति आंकड़ों पर प्रतिक्रिया देगा। इस सप्ताह के प्रमुख नतीजों में जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, एचडीएफसी लाइफ, एशियन पेंट्स, एलटीआईमाइंडट्री, इंफोसिस, विप्रो, जेएसडब्ल्यू स्टील, पेटीएम आदि शामिल हैं।

खुदरा महंगाई दर

शुक्रवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जून में खुदरा मुद्रास्फीति बढ़कर 5.08 प्रतिशत पर पहुंच गई, क्योंकि सब्जियों सहित खाद्य वस्तुओं की कीमतें बढ़ गई हैं। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि तिमाही नतीजों के कारण कुछ खास शेयर बाजार को प्रभावित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान आईटी क्षेत्र के सुर्खियों में रहने का अनुमान है।

Rohit Ojha
Rohit Ojhaauthor

<p>रोहित ओझा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉरस्पॉडेंट सितंबर 2023 से काम कर रहे हैं। यहां पर वो बिजेनस और यूटिलिटी की खबरों पर काम करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में पांच साल से अधिक का अनुभव। चुनावी खबरों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर फिलहाल स्टॉक मार्केट, इकोनॉमी और पर्सनल फाइनेंस की खबरों के साथ जारी है। डेस्क और फील्ड दोनों में ही काम करने का तजुर्बा। टाइम्स नाऊ नवभारत से पहले अलग-अलग मीडिया संस्थानों में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। अमर उजाला, टीवी9 हिंदी, इंडिया टीवी, आज तक जैसे मीडिया संस्थान में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। स्टॉक मार्केट और इकोनॉमी के साथ-साथ देश की सियासी घटनाओं पर लिखने का अनुभव है। 2019 के आम चुनाव से लेकर तमाम विधानसभा की चुनावी खबरों पर काम किया है। 2019 का क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल की खबरों पर भी काम किया है। किस्से-कहानियों में मन लगता है। शारदा यूनिवर्सिटी से मास-कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म किया है। गृह जनपद- बक्सर। साहित्य, सियासत और सिनेमा पर लिखना-पढ़ना खूब पसंद है।</p>

और पढ़ें
End of Article