भारतीय शेयर बाजार में पिछले हफ्ते भले ही सेंसेक्स और निफ्टी में ज्यादा हलचल नहीं दिखी, लेकिन देश की टॉप 10 कंपनियों के बाजार मूल्यांकन यानी मार्केट कैप में बड़ा बदलाव देखने को मिला। इन 10 दिग्गज कंपनियों में से पांच की वैल्यू बढ़ी, जबकि बाकी पांच कंपनियों के मार्केट कैप में गिरावट दर्ज की गई। कुल मिलाकर इन शीर्ष कंपनियों की कुल वृद्धि 72,285 करोड़ रुपये के करीब रही।
पिछले हफ्ते बीएसई सेंसेक्स सिर्फ 5.7 अंक चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी 16.5 अंक टूट गया। बाजार में मामूली उतार-चढ़ाव के बावजूद TCS, Infosys, Airtel, ICICI Bank और Bajaj Finance जैसी कंपनियों ने अपने निवेशकों को फायदा दिलाया।
TCS और Infosys बने इस हफ्ते के टॉप गेनर
आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनियों TCS और Infosys ने इस हफ्ते शानदार प्रदर्शन किया। TCS के मार्केट कैप में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई। कंपनी का मूल्यांकन 35,909 करोड़ रुपये बढ़कर 11.71 लाख करोड़ रुपये हो गया। Infosys भी पीछे नहीं रही। उसका मार्केट कैप 23,404 करोड़ रुपये बढ़कर 6.71 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। आईटी सेक्टर में हाल की स्थिरता और ग्लोबल मार्केट से मिले सकारात्मक संकेतों का असर इन कंपनियों पर साफ दिखा।
Airtel, Bajaj Finance और ICICI Bank को भी बढ़त
अन्य कंपनियों में भी बढ़त देखने को मिली। भारती एयरटेल के मार्केट कैप में 3,791 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह बढ़कर 12.01 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। Bajaj Finance के मार्केट कैप में भी अच्छी बढ़त दर्ज हुई। कंपनी का मूल्यांकन 6,720 करोड़ रुपये बढ़कर 6.52 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। ICICI Bank का मार्केट कैप भी मामूली बढ़ा और कंपनी इस हफ्ते गेनर लिस्ट में शामिल रही।
Reliance समेत पांच कंपनियों को नुकसान
जहां एक तरफ पांच कंपनियां फायदे में रहीं, वहीं बाकी पांच को झटका लगा। सबसे बड़ा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ। रिलायंस का बाजार मूल्यांकन इस हफ्ते 35,116 करोड़ रुपये घटकर 20.85 लाख करोड़ रुपये रह गया। इसके बावजूद रिलायंस अब भी देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। इसके अलावा HDFC Bank, State Bank of India, Larsen & Toubro और LIC के मार्केट कैप में भी गिरावट देखी गई।
