बिजनेस

Mahindra Isuzu Deal: महिंद्रा एंड महिंद्रा का बड़ा अधिग्रहण, SML Isuzu में 59% हिस्सेदारी खरीदी

Mahindra Truck Business 2025: महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) ने 555 करोड़ रुपये में SML Isuzu की 58.96% हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है। यह अधिग्रहण कंपनी को ट्रक और बस सेगमेंट में मजबूती देगा और इसका उद्देश्य FY36 तक 20% मार्केट शेयर हासिल करना है। यह सौदा सुमितोमो और इसुज़ु मोटर्स से शेयर खरीद के माध्यम से किया जाएगा।

Image

महिंद्रा एंड महिंद्रा

Photo : BCCL
KEY HIGHLIGHTS
  • महिंद्रा ने 63.62 लाख शेयर सुमितोमो कॉर्प से और 21.70 लाख शेयर इसुज़ु मोटर्स से खरीदे।
  • डील की कुल वैल्यू लगभग 555 करोड़ रुपये, शेयर कीमत 650 रुपये प्रति शेयर तय।
  • इस अधिग्रहण से M&M की ट्रक और बस मार्केट में हिस्सेदारी दोगुनी होकर 6% होने की उम्मीद।

Mahindra SML Isuzu Acquisition: देश की जानी-मानी ऑटोमोबाइल कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) ने शुक्रवार, 26 अप्रैल को स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि वह SML Isuzu Limited में 58.96 प्रतिशत बहुलांश हिस्सेदारी खरीदेगी। यह डील कुल 555 करोड़ रुपये में होगी। महिंद्रा द्वारा किए गए खुलासे के अनुसार, कंपनी जापान की सुमितोमो कॉर्पोरेशन, जो कि SML के प्रमोटरों में से एक है, से 650 रुपये प्रति शेयर की दर से 63.62 लाख शेयर खरीदेगी। यह सौदा 413.55 करोड़ रुपये में होगा और इससे M&M को SML में 43.96% हिस्सेदारी प्राप्त होगी।

इसूजू मोटर्स से भी खरीदे जाएंगे अतिरिक्त शेयर

इसके अलावा M&M, SML के एक अन्य सार्वजनिक शेयरधारक इसूज़ु मोटर्स लिमिटेड से भी 21.70 लाख शेयर (15%) खरीदेगी। इस हिस्सेदारी की कीमत 141.10 करोड़ रुपये होगी। इस तरह M&M की कुल हिस्सेदारी बढ़कर 58.96% हो जाएगी।

SML Isuzu का परिचय

SML Isuzu एक लिस्टेड कंपनी है जो भारत में लाइट कमर्शियल व्हीकल्स (LCVs) और मीडियम कमर्शियल व्हीकल्स (MCVs) का निर्माण करती है। कंपनी का प्लांट पंजाब के शाहिद भगत सिंह नगर जिले के असरोन में स्थित है और इसकी पैन इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क है। FY24 में कंपनी ने 2,196 करोड़ रुपये की आय और 179 करोड़ रुपये का EBITDA दर्ज किया।

ILCV बस सेगमेंट में अग्रणी, अब M&M की नजर बड़े लक्ष्य पर

SML का ILCV बस सेगमेंट में लगभग 16% मार्केट शेयर है। वहीं M&M वर्तमान में >3.5 टन वाले कमर्शियल व्हीकल्स सेगमेंट में 3% मार्केट शेयर रखती है, जिसे इस अधिग्रहण से दोगुना कर 6% करने की योजना है। कंपनी का लक्ष्य FY31 तक इसे 10-12% और FY36 तक 20%+ तक बढ़ाना है।

M&M के टॉप लीडर्स की प्रतिक्रिया

आनंद महिंद्रा के नेतृत्व वाले ग्रुप के CEO और MD आनिश शाह ने कहा, “SML Isuzu का अधिग्रहण हमारे उभरते व्यवसायों में 5 गुना वृद्धि के विजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।” राजेश जीजुरिकर, जो M&M के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और CEO (ऑटो और फार्म सेक्टर) हैं, ने कहा, “SML की विरासत, ग्राहक आधार और उत्पाद पोर्टफोलियो महिंद्रा के ट्रक और बस सेगमेंट को मजबूती देंगे। यह अधिग्रहण हमें एक फुल-रेंज कमर्शियल व्हीकल प्लेयर बनने की दिशा में ले जाएगा।”

लेन-देन की प्रक्रिया और नियामक मंजूरी

यह सौदा भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) की मंजूरी और SEBI टेकओवर रेगुलेशन के तहत ओपन ऑफर प्रक्रिया के पूर्ण होने के बाद 2025 के भीतर संपन्न होगा। कोटक इन्वेस्टमेंट बैंकिंग M&M का वित्तीय सलाहकार है जबकि खैतान एंड कंपनी ने कानूनी सलाहकार की भूमिका निभाई है।

डिस्क्लेमर : यहां शेयर बाजार में निवेश की सलाह नहीं दी गई है। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।

Ashish Kushwaha
आशीष कुशवाहाauthor

<p>आशीष कुमार कुशवाहा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। वह 2023 से Timesnowhindi.com के साथ जुड़े हैं। वह यहां शेयर बाजार, स्टॉक्स, IPO, पर्सनल फाइनेंस, बिजनेस न्यूज, कंपनी डेवलपमेंट, सक्सेस स्टोरी, यूटिलिटी, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी और गैजेट से जुड़ी स्टोरी पर काम करते हैं। उनके पास पिछले 3 साल के भारतीय बजट को भी कवर करने का एक्सपीरियंस है। उनके पास ऑटो एक्सपो 2023 को कवर करने का अनुभव है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं। उनके पास डिजिटल मीडिया में कुल 3 साल से ज्यादा का एक्सपीरियंस है। इससे पहले इन्होंने वन इंडिया, दैनिक भास्कर डिजिटल में काम किया है। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से मीडिया में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है। वहीं ग्रेजुएशन की पढ़ाई रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर से मास कम्यूनिकेशन में की है। उन्हें शुरू से ही डिबेट करने, सामाजिक मुद्दों पर बात करने और शेयर बाजार में रुचि थी। उन्हें बचपन से ही अखबार के संपादकीय पेज और न्यूज पढ़ने का सौख था। स्कूल के समय उन्होंने कई क्विज कंपटीशन में भी हिस्सा लिया और प्राइज जीते हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article