अगर आप NCR में अपने सपनों का घर खरीदने की योजना बना रहे हैं और बजट आपके रास्ते में रुकावट बन रहा है, तो यह खबर आपके लिए बेहद काम की है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) एक बार फिर आम लोगों के लिए किफायती आवास का शानदार मौका लेकर आया है। GDA की “पहले आओ–पहले पाओ” योजना के तहत Madhuban-Bapudham (Pocket-C) में रेडी-टू-मूव 2BHK फ्लैट्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं, वो भी किफायती दरों पर।
यह परियोजना न सिर्फ गाजियाबाद बल्कि पूरे NCR की एक वृहद और सुनियोजित आवासीय योजना मानी जा रही है। ऐसे में जो लोग गाजियाबाद या उसके आसपास बेहतर लोकेशन पर सस्ते दाम में घर लेना चाहते हैं, उनके लिए यह एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है।
GDA ने शेयर की जानकारी
GDA ने इस योजना से जुड़ी जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) के जरिए साझा की है। GDA के मुताबिक, Madhuban-Bapudham एक बड़े स्तर पर विकसित, आधुनिक और सुव्यवस्थित आवासीय क्षेत्र है, जहां लोगों को सुरक्षित माहौल के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी किफायती कीमत है। यहां रेडी-टू-मूव 2BHK फ्लैट्स मात्र ₹3,700 प्रति वर्ग फुट की दर से उपलब्ध हैं। मौजूदा समय में NCR जैसे इलाके में इस कीमत पर तैयार मकान मिलना किसी सुनहरे मौके से कम नहीं है। इसके अलावा फ्लैट्स की संख्या सीमित है और आवंटन पूरी तरह “पहले आओ–पहले पाओ” के आधार पर किया जा रहा है, यानी देर करने वालों के हाथ से यह मौका निकल सकता है।
मिलेंगी ये सुविधाएं
Madhuban-Bapudham योजना को खासतौर पर मिडिल क्लास और नौकरीपेशा लोगों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। यहां का आवासीय परिसर पूरी तरह विकसित है और इसमें सुरक्षा, सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं पहले से मौजूद हैं। रेडी-टू-मूव फ्लैट होने की वजह से खरीदारों को निर्माण पूरा होने का इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा।
अब बात करें लोकेशन की, तो यह योजना इस मामले में भी काफी मजबूत नजर आती है। Madhuban-Bapudham (Pocket-C) की लोकेशन गाजियाबाद के प्रमुख इलाकों से अच्छी तरह जुड़ी हुई है। जानकारी के मुताबिक, यहां जल्द ही GDA कार्यालय भी स्थानांतरित किया जाएगा, जिससे इस क्षेत्र का महत्व और बढ़ जाएगा।
यह आवासीय परियोजना RRTS दुहाई ट्रेन स्टेशन से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे दिल्ली और मेरठ जैसे शहरों तक तेज और आसान कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा यह क्षेत्र हापुड़ रोड और NH-58 के बीच स्थित है, जिसकी दूरी लगभग 0.80 किलोमीटर है। यानी सड़क मार्ग से आने-जाने में भी कोई परेशानी नहीं होगी।
पास में ही होगा Expo Mart
व्यावसायिक सुविधाओं की बात करें तो यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के Madhuban Expo Mart का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके पूरा होने के बाद इस इलाके में रोजगार, व्यापार और सुविधाओं के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे प्रॉपर्टी की वैल्यू भी बढ़ने की पूरी संभावना है।
इसके साथ ही यह परियोजना पैरीफेरल हाईवे से लगभग 15 मिनट की दूरी पर स्थित है, जो NCR के अन्य हिस्सों से कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाता है। स्कूल, अस्पताल, बाजार और जरूरी सेवाएं भी आसपास के इलाकों में आसानी से उपलब्ध हैं।
अगर आप इस योजना से जुड़ी अधिक जानकारी चाहते हैं, तो GDA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विवरण देख सकते हैं या दिए गए QR कोड को स्कैन करके आवेदन प्रक्रिया समझ सकते हैं। सही समय पर लिया गया फैसला आपको NCR में अपने सपनों का घर दिला सकता है।
