क्रेडिट कार्ड बिल की पेमेंट को लेकर अक्सर लोगों के मन में यह सवाल आता है कि क्या डेडलाइन यानी ड्यू डेट वाले दिन पेमेंट करना सुरक्षित है या नहीं। कई लोग आखिरी तारीख तक इंतजार करते हैं, जबकि कुछ लोग पहले ही पेमेंट कर देते हैं ताकि किसी तरह की लेट फीस या ब्याज से बचा जा सके। सही समय पर पेमेंट करना न केवल अतिरिक्त शुल्क से बचाता है, बल्कि आपके क्रेडिट स्कोर पर भी सकारात्मक प्रभाव डालता है।
क्रेडिट स्करो सुरक्षित या असुरक्षित
सबसे पहले यह जान लें कि बैंक और क्रेडिट ब्यूरो के लिए सबसे महत्वपूर्ण समय पर पेमेंट किया जाना है। अगर आपने बिल की तय Due Date तक पूरा भुगतान कर दिया है तो इससे आपका क्रेडिट स्कोर खराब नहीं होता। चाहे आप बिल स्टेटमेंट जारी होने के तुरंत बाद भरें या आखिरी दिन जब तक भुगतान समय पर है स्कोर सुरक्षित रहता है।
लेट पेमेंट पर स्कोर बिगड़ सकता है
भारत में क्रेडिट स्कोर की गणना का डेटा TransUnion CIBIL जैसी क्रेडिट ब्यूरो कंपनियों को भेजा जाता है। बैंक हर महीने यह रिपोर्ट करते हैं कि आपने भुगतान समय पर किया या नहीं। अगर आप Due Date के बाद भुगतान करते हैं तो इसे Late Payment माना जाता है, जो आपके स्कोर पर नकारात्मक असर डाल सकता है।
स्कोर पर कब पड़ सकता है असर
हालांकि एक महत्वपूर्ण पहलू Credit Utilization Ratio भी है। अगर आप अपने कार्ड की लिमिट का बहुत बड़ा हिस्सा इस्तेमाल करते हैं और बिलिंग डेट तक पूरा बकाया दिख रहा है, तो यह आपके स्कोर पर असर डाल सकता है, भले ही आप आखिरी दिन भुगतान कर दें। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि कार्ड लिमिट का 30% से कम इस्तेमाल करना ही सही है। उदाहरण के लिए अगर आपकी लिमिट 1,00,000 है और बिलिंग डेट तक 90,000 बकाया दिख रहा है तो सिस्टम इसे उच्च उपयोग के रूप में दर्ज कर सकता है। ऐसे में बेहतर रणनीति यह है कि बिलिंग डेट से पहले कुछ राशि चुका दें, ताकि रिपोर्टेड बकाया कम रहे।
आखिर दिन पेमेंट सही या गलत
आखिरी दिन भुगतान करना गलत नहीं है, बशर्ते वह Due Date से पहले हो। लेकिन बेहतर वित्तीय अनुशासन के लिए समय से पहले भुगतान करना और लिमिट का सीमित उपयोग करना समझदारी है। सही आदतें आपका क्रेडिट स्कोर मजबूत बनाए रखती हैं और भविष्य में लोन लेने में आसानी देती हैं। तकनीकी रूप से ड्यू डेट पर पेमेंट करने से पेनल्टी नहीं लगती, लेकिन 'लास्ट मिनट' ट्रांजेक्शन फेलियर का जोखिम रहता है। अगर पेमेंट 1 दिन भी लेट हुआ, तो सीधा असर क्रेडिट स्कोर पर पड़ सकता है। इसलिए 2-3 दिन पहले पेमेंट करने की सलाह दी जाती है।
