बिजनेस

ट्रेन में ज्यादा सामान ले जाना हुआ आसान, 31 जुलाई से बदल रहे हैं नियम! जानें कितना लगेगा चार्ज

ट्रेन में सफर के दौरान भारी-भरकम सामान साथ ले जाने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे एक बड़ी सुविधा शुरू करने जा रहा है। रेलवे की इस नई सेवा के तहत अब यात्री घर बैठे ही अपने सामान (Luggage) की ऑनलाइन बुकिंग करा सकेंगे।

Image

31 जुलाई से बदल रहे हैं नियम! जानें कितना लगेगा चार्ज

भारतीय रेलवे यात्रा को अधिक सुविधाजनक और परेशानी मुक्त बनाने के लिए लगातार नई सुविधाएं शुरू कर रहा है। इसी पहल के तहत 31 जुलाई 2026 से रेलवे एक नई ऑनलाइन लगेज बुकिंग सेवा शुरू करने जा रहा है। अब कन्फर्म टिकट वाले यात्री ट्रेन टिकट बुक करते समय ही अपने अतिरिक्त सामान की बुकिंग भी घर बैठे कर सकेंगे। भारतीय रेलवे के नए नियमों के तहत अब यात्रियों को स्टेशन के पार्सल दफ्तर में जाकर लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं होगी। 31 जुलाई 2026 से लागू हो रही इस सुविधा के माध्यम से यात्री IRCTC या रेलवे के आधिकारिक पोर्टल के जरिए अपने तय मुफ्त कोटे से अधिक सामान की घोषणा और बुकिंग पहले ही कर सकेंगे।

ऑनलाइन सिस्टम टिकट बुकिंग के दौरान ही ट्रेन की श्रेणी के अनुसार फ्री लगेज लिमिट, अधिकतम वजन, प्रतिबंधित वस्तुएं, लागू होने वाले शुल्क और पेनल्टी की पूरी जानकारी पारदर्शी तरीके से दिखा देगा। इस प्रक्रिया से स्टेशन पर अंतिम समय में होने वाली अफरा-तफरी और अतिरिक्त शुल्क को लेकर होने वाली अनबन से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

कैसे ऑनलाइन बुक करें लगेज

रेलवे की वेबसाइट (parcel.indianrail.gov.in) के जरिए ऑनलाइन बुकिंग का तरीका बेहद आसान रखा गया है। इसके लिए यात्रियों को पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करके लॉगिन करना होगा, जिसके बाद अपनी यात्रा का स्टेशन और ट्रेन का चयन करना पड़ेगा। इसके बाद 'फॉरवर्डिंग नोट' में अपने सामान का पूरा विवरण दर्ज करते ही सिस्टम एक अनुमानित माल भाड़ा दिखा देगा। फॉर्म सबमिट करने के बाद करदाता या यात्री को उसका ई-फॉरवर्डिंग नोट का प्रिंटआउट लेना होगा और प्रस्थान वाले स्टेशन पर पार्सल ऑफिस में अपना सामान जमा कराना होगा। वहां रेलवे कर्मचारी सामान का वजन करके अंतिम चार्ज तय करेंगे, जिसके भुगतान के बाद आपको एक रेलवे रसीद (RR) मिल जाएगी। इस रसीद के आधार पर आप ऑनलाइन ट्रैक एंड ट्रेस की मदद से सामान की लाइव लोकेशन भी देख सकते हैं और गंतव्य स्टेशन पर वही रसीद दिखाकर अपना सामान प्राप्त कर सकते हैं।

कितना लगेगा चार्ज?

सामान की सीमा की बात करें तो रेलवे ने हर क्लास (श्रेणी) के लिए अलग-अलग फ्री लिमिट और अधिकतम सीमा तय की है। एसी फर्स्ट क्लास में यात्री 70 किग्रा तक सामान मुफ्त ले जा सकते हैं, जबकि अतिरिक्त शुल्क देकर अधिकतम 150 किग्रा तक सामान ले जाने की अनुमति है। फर्स्ट क्लास और एसी 2-टियर में 50 किग्रा फ्री (अधिकतम 100 किग्रा), स्लीपर क्लास में 40 किग्रा फ्री (अधिकतम 80 किग्रा) और सेकेंड/जनरल क्लास में 35 किग्रा सामान मुफ्त ले जाया जा सकता है (अधिकतम 70 किग्रा)। ध्यान रखने योग्य बात यह है कि एसी 3-टियर और एसी चेयर कार के लिए फ्री लिमिट और अधिकतम सीमा दोनों ही 40 किग्रा रखी गई है, इसलिए इन श्रेणियों में अतिरिक्त लगेज बुक करने की अनुमति नहीं होगी।

वजन के साथ-साथ रेलवे ने कोच में ले जाने वाले बैग के आकार (Size) को लेकर भी कड़े नियम बनाए हैं। एसी 3-टियर और एसी चेयर कार में बैग का अधिकतम आकार 55 सेमी x 45 सेमी x 22.5 सेमी होना चाहिए, जबकि एसी फर्स्ट, एसी 2-टियर, स्लीपर और जनरल क्लास के लिए यह आकार 100 सेमी x 60 सेमी x 25 सेमी निर्धारित किया गया है। यदि आपका सामान तय फ्री लिमिट से अधिक होता है, तो आपको सामान्य लगेज दर का 1.5 गुना शुल्क देना होगा। इसके लिए न्यूनतम लगेज चार्ज ₹30 रखा गया है, जिसकी गणना 10 किग्रा के स्लैब और न्यूनतम 50 किमी की दूरी के आधार पर की जाएगी।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article