बिजनेस

भारतीय निर्यातकों ने ट्रंप टैरिफ का निकाला तोड़, इन नए देशों में बढ़ाई सप्लाई, रिकॉर्ड ऑर्डर मिले

वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, चीन, वियतनाम, रूस, कनाडा और ब्रिटेन सहित गैर-अमेरिकी बाजारों में अच्छी वृद्धि इसकी प्रमुख वजह रही। आंकड़ों के अनुसार, सात महीने की अवधि के दौरान चीन और वियतनाम को झींगा व प्रॉन का निर्यात क्रमशः 24.54 प्रतिशत और 123.63 प्रतिशत बढ़कर 56.83 करोड़ डॉलर तथा 26.16 करोड़ डॉलर हो गया।

Image

अमेरिकी टैरिफ

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ का बहुत ज्यादा असर नहीं हुआ है। भारतीय निर्यातकों ने नए मार्केट में ढूंढ कर अपनी सप्लाई बढ़ा दी है। इसका असर भारत के सुम्रदी निर्यात पर हुआ है। भारत के समुद्री क्षेत्र का निर्यात चालू वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-अक्टूबर अवधि में 16.18 प्रतिशत बढ़कर 4.87 अरब डॉलर हो गया।

वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, चीन, वियतनाम, रूस, कनाडा और ब्रिटेन सहित गैर-अमेरिकी बाजारों में अच्छी वृद्धि इसकी प्रमुख वजह रही। हालांकि, भारतीय समुद्री उत्पादों पर 50 प्रतिशत शुल्क के कारण अमेरिका को निर्यात प्रभावित हुआ है। एक अधिकारी ने बताया कि इस अवधि के दौरान क्षेत्र में व्यापार करने के तरीके में उल्लेखनीय बदलाव देखा गया है।

अमेरिका को निर्यात में आई गिरावट

पारंपरिक रूप से भारत के सबसे बड़े झींगा बाजार अमेरिका को निर्यात में 7.43 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 8.54 करोड़ डॉलर रह गया। अधिकारी ने कहा कि हालांकि चीन, वियतनाम, बेल्जियम, जापान, रूस, कनाडा और ब्रिटेन को निर्यात में हुई शानदार वृद्धि से इस कमी की भरपाई हो गई। ये लाभ निर्यात गंतव्यों में विविधता एवं वैश्विक ‘सोर्सिंग’ प्रवृत्तियों में संरचनात्मक बदलाव को दर्शाते हैं क्योंकि एशिया व यूरोप में खरीदार निरंतर गुणवत्ता तथा प्रतिस्पर्धी मूल्य निर्धारण के लिए भारतीय आपूर्तिकर्ताओं की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं।

चीन और वियतनाम बने बड़े बाजार

आंकड़ों के अनुसार, सात महीने की अवधि के दौरान चीन और वियतनाम को झींगा व प्रॉन का निर्यात क्रमशः 24.54 प्रतिशत और 123.63 प्रतिशत बढ़कर 56.83 करोड़ डॉलर तथा 26.16 करोड़ डॉलर हो गया। इसी प्रकार बेल्जियम, जापान, रूस, कनाडा और ब्रिटेन को निर्यात क्रमशः 94.18 प्रतिशत, 10.84 प्रतिशत, 49 प्रतिशत, 13.54 प्रतिशत और 28.81 प्रतिशत बढ़ा। आंकड़ों के अनुसार, समुद्री उत्पादों के निर्यात में वृद्धि मुख्य रूप से भारत के प्रमुख समुद्री क्षेत्र झींगा और प्रॉन में हुई अच्छी वृद्धि के कारण हुई है। यह अप्रैल-अक्टूबर 2025 में सालाना आधार पर 2.64 अरब अमेरिकी डॉलर से 17.43 प्रतिशत बढ़कर 3.10 अरब डॉलर हो गया।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article