भारत सरकार अमेरिका की अदालत द्वारा डोनाल्ड ट्रंप के आयात शुल्क बढ़ाने के आदेश को खारिज करने वाले फैसले के प्रभाव का विश्लेषण कर रही है। सूत्रों के अनुसार, यह फैसला अंतरराष्ट्रीय व्यापार के क्षेत्र में भारत के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। अमेरिकी अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि 1977 के इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट (IEEPA) के तहत आयात पर सीमा शुल्क लागू करने का अधिकार नहीं दिया गया है। जबकि ट्रंप प्रशासन ने अपने टैरिफ आदेश को इसी अधिनियम के तहत उचित ठहराया था।
भारत पर लगाए गए टैरिफ और मौजूदा स्थिति
अमेरिका ने 2 अप्रैल को भारत से आयातित उत्पादों पर 26% अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा की थी, जिसे बाद में 9 जुलाई तक के लिए स्थगित किया गया। हालांकि, 10% का मूल सीमा शुल्क अब भी लागू है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया, "हम इस फैसले के संभावित प्रभावों की समीक्षा कर रहे हैं।"
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब भारत और अमेरिका के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते पर बातचीत चल रही है। भारत इस समझौते के तहत घरेलू उत्पादों पर लगाए गए 26% जवाबी शुल्क से छूट की मांग कर रहा है।
निर्यातकों और विशेषज्ञों की प्रतिक्रिया
भारतीय निर्यातकों ने इस फैसले को सकारात्मक संकेत बताया है। ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (GTRI) के संस्थापक अजय श्रीवास्तव ने कहा, "चूंकि ट्रंप के टैरिफ का कानूनी आधार कमजोर हो गया है, भारत को अमेरिकी हितों पर असर डालने वाले किसी भी मुक्त व्यापार समझौते से पहले अपनी रणनीति पर पुनर्विचार करना चाहिए।"
भाषा इनपुट के साथ
