बिजनेस

India Economic Conclave: ज्योतिरादित्य सिंधिया बोले- दुनिया से 3 गुना ज्यादा तेजी से बढ़ रही भारत की अर्थव्यवस्था 'यही समय है, सही समय है'

केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इंडिया इकनॉमिक कॉनक्लेव में भारतीय अर्थव्यवस्था को 'डेड' बताने वालों को करारा जवाब देते हुए कहा कि आज भारत की इकनॉमी पूरी दुनिया की तुलना में तीन गुना तेजी से बढ़ रही है। इसके साथ ही सिंधिया ने कहा कि पूरा भारत आज महत्वाकांक्षी है, तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश का हर कोना विकास यात्रा में शामिल है।

Image

इंडिया इकनॉमिक कॉनक्लेव में बोलते हुए सिंधिया। (फोटो क्रेडिट, टाइम्स नाउ)

India Economic Conclave: में नविका कुमार के सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय टेलीकॉम मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर फैलाई जा रही “सुस्ती” और “मंदी” की धारणा को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि भारत का ग्रोथ ट्रैक मजबूत है। इसके साथ ही उन्होंने भारत की GDP ग्रोथ की वैश्विक तुलना करते हुए बताया कि भारत दुनिया की तुलना में 3 गुना तेजी से विकास कर रहा है। इसके साथ ही बताया कि भारत के पूर्वोत्तर के 8 राज्य पूरे भारत की तुलना में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने विदेशी धरती से भारत की आलोचना करने वालों पर सीधा हमला करते हुए कठघरे में खड़ा किया।

नविका कुमार ने सिंधिया से पूछा, नई उभरती जियोपॉलिटिकल परिस्थितियों में जब ज्यादातर देश आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन ऐसे विषम हालात में भी भारत अपनी अर्थव्यवस्था की तेजी को बरकरार रखे हुए है। लेकिन, भारत में ही कुछ ऐसे लोग हैं, जो भारत के तीव्र आर्थिक विकास की कहानी पर भरोसा नहीं जताते हुए कहते हैं कि भारत में सबकुछ 'सुस्त' पड़ रहा है. 'विनिर्माण घट रहा है और अर्थव्यवस्था मृतप्राय दिखती है'। इस पर आपकी क्या प्रतिक्रिया होगी और और भारत की इकनॉमी को लेकर आपका क्या नजरिया है?

निराशा को कोई जगह नहीं

नाविका कुमार के सवालों का जवाब देते हुए कहा, सबसे पहले तो मैं कहना चाहूंगा कि जीवन में आपको आशावादी होना चाहिए। मैं यह नहीं मानता कि 2025 में खासतौर पर भारत के लिहाज से किसी भी तरह निराशा के लिए कोई जगह है। जब भारत अपने अमृतकाल से शताब्दी काल में बढ़ रहा है और दुनिया की 11वीं से बढ़कर अब चौथी बड़ी आर्थिक शक्ति बन गया है। जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी इकनॉमी बनने जा रहा है.

यही समय सही समय

सिंधिया ने कहा, इस दौर में भारत के लिए किसी भी तरह की निराशा या हताशा की जगह नहीं है, इसके विपरीत, जैसा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं, भारत के लिए यही समय है, सही समय है। यह सिर्फ प्रधानमंत्री या सरकार के लिए नहीं है। बल्कि, सभी भारतीयों के लिए तेजी से आगे बढ़ने और अवसरों का फायदा उठाने का समय है। कश्मीर से कन्याकुमारी और भरूच से तवांग तक पूरा भारत इस सही समय का फायदा उठा रहा है।

दुनिया से तीन गुना ज्यादा ग्रोथ रेट

भारत की इकनॉमी को लेकर उन्होंने कहा, भारत आज महत्वाकांक्षी है, आज ऐसा कुछ नहीं है, जो हम नहीं कर सकते है। यही भावाना भारत के गांव, देहात, रेगिस्तान, और पहाड़ों से लेकर शहरों को आगे बढ़ने की ताकत दे रही है। इसका ही नतीजा है कि भारत आज 8.2 फीसदी की GDP ग्रोथ रेट से आगे बढ़ रहा है। जबकि, दुनिया 2.2 फीसदी की रफ्तार से आगे बढ़ रही है। इस तरह हम दुनिया से 3 गुना ज्यादा रफ्तार से बढ़ रहे हैं। जबकि, पूर्वोत्तर भारत के 8 राज्य 11 से 13 फीसदी की रफ्तार से बढ़ रहे है।

कुछ लोग सीखने को तैयार नहीं

विदेशों में भारत के खिलाफ नकारात्मक बयान देने वालों पर निशाना साधते हुए सिंधिया ने कहा कि ऐसे लोगों के लिए भारत में कोई जगह नहीं है। देश आगे बढ़ रहा है, लेकिन कुछ लोग इसे समझने और स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा, जो हमारे देश के ही लोग हैं, वे बाहर जाएं और विदेशी धरती पर मां भारती के बारे में घटिया बातें करें उनके लिए भारत में कोई जगह नहीं है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article