AI Warfare : एक समय था जब किसी देश की सैन्य ताकत का आकलन उसके टैंक, लड़ाकू विमान, मिसाइल, युद्धपोत और सैनिकों की संख्या से किया जाता था। लेकिन, अब युद्ध के तौर-तरीके तेजी से बदल रहे हैं। आज सिर्फ हथियार ही नहीं, बल्कि Artificial Intelligence (AI) भी किसी देश की सैन्य ताकत का बड़ा आधार बनती जा रही है। यही वजह है कि दुनिया के कई बड़े देश अब AI बेस्ड मिलिट्री टेक पर अरबों डॉलर खर्च कर रहे हैं। युद्ध के इस बदलते दौर में एक नया शब्द तेजी से चर्चा में आया है। AI Military Complex, आसान भाषा में कहें, तो यह उन कंपनियों, तकनीकों और सरकारी एजेंसियों का नेटवर्क है, जो सेना के लिए AI आधारित सिस्टम विकसित कर रहे हैं। इनका मकसद युद्ध के दौरान तेजी से फैसले लेना, दुश्मन की पहचान करना, ड्रोन और हथियारों को अधिक स्मार्ट बनाना और सैनिकों की क्षमता बढ़ाना है।
आखिर क्या है AI Military Complex?
AI Military Complex को पारंपरिक रक्षा उद्योग का नया रूप माना जा रहा है। पहले रक्षा कंपनियां मुख्य रूप से टैंक, मिसाइल, विमान और हथियार बनाती थीं। अब वही कंपनियां अपने हथियारों में AI तकनीक जोड़ रही हैं। इसके साथ ही कई नई टेक कंपनियां भी इस क्षेत्र में उतर चुकी हैं, जो सेना के लिए सॉफ्टवेयर, डेटा एनालिटिक्स, क्लाउड कंप्यूटिंग और AI मॉडल तैयार कर रही हैं। यानी अब युद्ध सिर्फ मैदान में नहीं, बल्कि डेटा, एल्गोरिद्म और कंप्यूटर स्क्रीन पर भी लड़ा जा रहा है।
AI युद्ध का तरीका कैसे बदल रही है?
AI की सबसे बड़ी ताकत है कि वह कुछ सेकंड में लाखों तस्वीरों, वीडियो, सैटेलाइट इमेज और अन्य सूचनाओं का विश्लेषण कर सकती है। इससे सेना को रियल टाइम जानकारी मिलती है और फैसले पहले की तुलना में कहीं तेजी से लिए जा सकते हैं। AI की मदद से दुश्मन के ठिकानों की पहचान की जा सकती है, ड्रोन बिना पायलट के उड़ाए जा सकते हैं, सीमाओं की निगरानी की जा सकती है और युद्ध के दौरान संभावित खतरों का पहले ही अनुमान लगाया जा सकता है। यही वजह है कि अमेरिका, चीन, ब्रिटेन और कई यूरोपीय देश इस तकनीक में लगातार निवेश बढ़ा रहे हैं।
AI के सैन्य इस्तेमाल में अमेरिका सबसे आगे
किन कंपनियों के हाथ में है AI आधारित रक्षा तकनीक?
रक्षा मामलों पर शोध करने वाली संस्था स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) ने AI Military Industry को चार प्रमुख श्रेणियों में बांटा है।
1. पारंपरिक रक्षा कंपनियां : इस श्रेणी में वे कंपनियां आती हैं जो दशकों से हथियार और रक्षा उपकरण बना रही हैं। इनमें Lockheed Martin, RTX, Northrop Grumman, BAE Systems और General Dynamics जैसी कंपनियां शामिल हैं। अब ये कंपनियां अपने लड़ाकू विमानों, मिसाइलों और निगरानी प्रणालियों में AI तकनीक जोड़ रही हैं। उदाहरण के तौर पर Lockheed Martin अपने F-35 लड़ाकू विमान में AI आधारित सिस्टम विकसित कर रही है, जिससे पायलट दुश्मन के विमानों की तेजी से पहचान कर सकें।
2. नई रक्षा टेक कंपनियां : पिछले कुछ वर्षों में कई ऐसी कंपनियां सामने आई हैं, जिनका पूरा फोकस AI और सॉफ्टवेयर पर है। इनमें Palantir, Anduril और Shield AI जैसी कंपनियां प्रमुख हैं। Palantir का Project Maven सैटेलाइट तस्वीरों, ड्रोन वीडियो और अन्य खुफिया सूचनाओं का विश्लेषण करके संभावित लक्ष्यों की पहचान करता है। वहीं Anduril का Lattice प्लेटफॉर्म अलग-अलग सेंसर, ड्रोन और सैन्य वाहनों से मिलने वाले डेटा को एक ही सिस्टम में जोड़कर कमांड सेंटर तक पहुंचाता है। Shield AI ऐसे AI पायलट विकसित कर रही है जो बिना इंसानी नियंत्रण के ड्रोन और सैन्य विमान संचालित करने में सक्षम हों।
3. बड़ी टेक कंपनियां : Google, Microsoft, Amazon Web Services (AWS), Oracle, NVIDIA और SpaceX जैसी कंपनियां भी अब रक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इन कंपनियों की क्लाउड कंप्यूटिंग और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग क्षमता सेना को बड़े पैमाने पर डेटा प्रोसेस करने, AI मॉडल चलाने और सुरक्षित नेटवर्क तैयार करने में मदद करती है। अमेरिका का रक्षा विभाग भी इन कंपनियों के साथ AI आधारित तकनीकों के विकास पर काम कर रहा है।
4. AI मॉडल विकसित करने वाली कंपनियां : OpenAI, Anthropic और Mistral AI जैसी कंपनियां ऐसे मूल AI मॉडल विकसित करती हैं, जिनका इस्तेमाल दूसरी रक्षा कंपनियां अपने सैन्य सिस्टम में करती हैं। इन मॉडल्स की मदद से भाषा समझने, तस्वीरों का विश्लेषण करने, निर्णय लेने और बड़ी मात्रा में डेटा प्रोसेस करने जैसे काम आसान हो जाते हैं। चीन भी इस क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वहां कई कंपनियां सैन्य जरूरतों के लिए AI मॉडल विकसित कर रही हैं।
अमेरिका और चीन में क्यों बढ़ रही है प्रतिस्पर्धा?
दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं अमेरिका और चीन AI को भविष्य की सैन्य ताकत मानती हैं। दोनों देश हर साल रक्षा क्षेत्र में AI पर भारी निवेश कर रहे हैं। उनका लक्ष्य ऐसे सिस्टम विकसित करना है जो कम समय में ज्यादा सटीक फैसले ले सकें और युद्ध के दौरान मानवीय जोखिम को कम कर सकें। इसी कारण AI अब वैश्विक रक्षा रणनीति का अहम हिस्सा बन चुका है और आने वाले वर्षों में यह प्रतिस्पर्धा और तेज होने की संभावना है।
AI आधारित युद्ध को लेकर क्या हैं चिंताएं?
जहां AI सैन्य क्षमता बढ़ा रही है, वहीं इसे लेकर कई गंभीर सवाल भी उठ रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर किसी AI सिस्टम ने गलत लक्ष्य चुन लिया तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? क्या मशीनों को किसी इंसान की जान लेने का फैसला करने का अधिकार होना चाहिए? इसके अलावा स्वायत्त हथियारों के गलत इस्तेमाल और साइबर हमलों का खतरा भी बढ़ सकता है। इसी वजह से कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं AI आधारित हथियारों के लिए वैश्विक नियम और जवाबदेही तय करने की मांग कर रही हैं।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : कितना बड़ा अंतिम यात्रा का बाजार, क्यों फ्यूनरल से बैरियल तक दिलचस्पी ले रहे कॉरपोरेट?
