जीएसटी में हुए बदलाव का सीधा फायदा अब आम लोगों की जेब पर दिखने लगा है। रोजमर्रा की चीजों से लेकर इंश्योरेंस, कपड़े, टीवी और कार की खरीदारी तक पर टैक्स घटाया गया है। प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाली एक महिला साक्षी खर्च ग्रॉसरी, दवाइयों, इंश्योरेंस और त्योहारों की खरीदारी पर काफी खर्च करती है। देखते हैं, उन्हें जीएसटी सुधार से कितना फायदा मिलेगा।
ग्रॉसरी पर फायदा
साक्षी हर महीने लगभग ₹15,000 ग्रॉसरी पर खर्च करते हैं। पहले इस पर औसतन 12% टैक्स यानी ₹1,800 देना पड़ता था। अब ज्यादातर सामान 5% टैक्स स्लैब में आ गया है और कुछ पर जीएसटी जीरो हो गया है। औसतन 7% टैक्स जोड़ने पर अब उन्हें सिर्फ ₹1,050 देने होंगे। यानी हर महीने ₹750 की बचत होगी।
हेल्थ इंश्योरेंस फ्री हो गया
साक्षी हर साल करीब ₹45,000 हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम भरती हैं। पहले इस पर 18% जीएसटी यानी ₹8,100 देना पड़ता था। लेकिन अब हेल्थ इंश्योरेंस पूरी तरह टैक्स फ्री कर दिया गया है। यानी उन्हें सालाना ₹8,100 की सीधी बचत होगी।
कपड़े हुए सस्ते
कपड़ों पर भी टैक्स घटाया गया है। साक्षी हर महीने लगभग ₹5,000 कपड़े खरीदने में खर्च करती हैं। पहले इस पर 12% जीएसटी यानी ₹600 देना पड़ता था। अब यह सिर्फ 5% हो गया है, जिससे टैक्स घटकर ₹250 रह गया। यानी हर महीने ₹350 की बचत होगी।
टीवी खरीदने में राहत
इस दिवाली साक्षी ने नया टीवी खरीदने का प्लान बनाया है। पहले 32 इंच से बड़े टीवी पर 28% जीएसटी लगता था। अब यह घटकर 18% हो गया है। अगर साक्षी ₹35,000 का टीवी खरीदती हैं, तो पहले उन्हें ₹9,800 टैक्स देना पड़ता था। अब सिर्फ ₹6,300 देना होगा। यानी सीधे ₹3,500 की बचत होगी।
कार पर बड़ा फायदा
छोटी और मिड-साइज कारों पर जीएसटी 28% से घटाकर 18% कर दिया गया है। अगर साक्षी ₹8 लाख की कार खरीदती हैं तो पहले उन्हें ₹2,24,000 टैक्स देना पड़ता था। अब यह घटकर ₹1,44,000 रह जाएगा। यानी उन्हें कार की खरीद पर ₹80,000 की बचत होगी।
कुल मिलाकर कितनी बचत?
ग्रॉसरी: ₹750 महीने की बचत यानी ₹9,000 सालाना
हेल्थ इंश्योरेंस: ₹8,100 सालाना
कपड़े: ₹350 महीने की बचत यानी ₹4,200 सालाना
टीवी (साल में एक बार): ₹3,500 बचत
कार (साल में एक बार): ₹80,000 बचत
इस तरह आप साल भर में लगभग ₹1,04,800 तक बचा पाएंगे।
