बिजनेस

एलन मस्क रचेंगे इतिहास! दुनिया के पहले खरबपति बनने की राह पर, अभी इतनी है संपत्ति

World First Trillionaire, Elon Musk Net Worth: टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क की संपत्ति में तेजी से वृद्धि उनके व्यावसायिक फैसलों, निवेश और नई टेक्नोलॉजी में रुचि का परिणाम है। स्पेसएक्स, टेस्ला और एक्सएआई जैसी कंपनियों की सफलता ने उन्हें दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर यानी खबरपति बनने के करीब ला दिया है। आने वाले कुछ वर्षों में मस्क का नाम इतिहास में दर्ज होने की संभावना है और यह देखना दिलचस्प होगा कि उनका यह सफर किस तरह आगे बढ़ता है।

Image

एलन मस्क की संपत्ति में छलांग, ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने का रास्ता तैयार (तस्वीर-AP)

Photo : AP

World First Trillionaire, Elon Musk Net Worth: टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क अब दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मस्क ने पिछले कुछ वर्षों में लगातार अपने कारोबार और निवेश के जरिए अपनी संपत्ति में अभूतपूर्व वृद्धि की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मस्क की कुल संपत्ति जल्द ही 677 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है और आने वाले कुछ वर्षों में वह एक ट्रिलियन डॉलर के क्लब में शामिल हो सकते हैं।

स्पेसएक्स की नई वैल्यूएशन और फंडिंग

आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि मस्क की अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स 800 अरब डॉलर की वैल्यू पर टेंडर ऑफर लाने की तैयारी कर रही है। अगर यह योजना सफल होती है, तो मस्क की नेटवर्थ 168 अरब डॉलर बढ़कर 677 अरब डॉलर हो सकती है। इसके अलावा, स्पेसएक्स अगले साल 1.5 ट्रिलियन डॉलर के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (आईपीओ) की योजना भी बना रही है। इस आईपीओ के जरिए मस्क की संपत्ति में और इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि इस महीने की शुरुआत में मस्क ने खुद इन खबरों का खंडन किया और कहा कि स्पेसएक्स 800 अरब डॉलर की फंडिंग जुटा रही है या नासा उनकी कंपनी को सब्सिडी दे रही है, यह खबर सही नहीं है।

टेस्ला में हिस्सेदारी और संपत्ति

मस्क के पास इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला में 12 प्रतिशत हिस्सेदारी है। टेस्ला की इस हिस्सेदारी की वैल्यू 197 अरब डॉलर आंकी गई है। यह आंकड़ा केवल शेयरों की कीमत पर आधारित है और इसमें स्टॉक ऑप्शन शामिल नहीं हैं। टेस्ला की सफलता मस्क की कुल संपत्ति में एक बड़ा योगदान देती रही है, क्योंकि कंपनी लगातार नए मॉडल और टेक्नोलॉजी में निवेश कर रही है।

एआई कंपनी एक्सएआई होल्डिंग्स का योगदान

मस्क की एआई कंपनी एक्सएआई होल्डिंग्स भी उनकी संपत्ति बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्सएआई होल्डिंग्स नई फंडिंग जुटाने जा रही है, जिसमें कंपनी की वैल्यूएशन 230 अरब डॉलर है। मस्क की इस कंपनी में 53 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिसकी वर्तमान वैल्यू करीब 60 अरब डॉलर बताई जा रही है।

मस्क की संपत्ति में लगातार वृद्धि

मस्क की संपत्ति पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ी है। सितंबर 2021 में वह 200 अरब डॉलर की संपत्ति पार करने वाले तीसरे व्यक्ति बने थे। इसके बाद नवंबर 2021 में उनकी संपत्ति 300 अरब डॉलर तक पहुंच गई। दिसंबर 2024 में यह आंकड़ा 400 अरब डॉलर और अक्टूबर में 500 अरब डॉलर तक पहुंच गया। वर्तमान में (16 दिसंबर 2025) फोर्ब्स के मुताबिक 508 अरब डॉलर है। अब मस्क दुनिया के पहले ऐसे व्यक्ति बन सकते हैं, जिनकी संपत्ति एक ट्रिलियन डॉलर के पार हो।

दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट

फोर्ब्स के मुताबिक, मस्क के बाद दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में गूगल के सह-संस्थापक लैरी पेज दूसरे स्थान पर हैं, जिनकी संपत्ति 253 अरब डॉलर है। तीसरे स्थान पर ओरेकल के सह-संस्थापक लैरी एलिसन हैं, जिनकी संपत्ति 235 अरब डॉलर आंकी गई है। मस्क के तेजी से बढ़ती संपत्ति ने उन्हें दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति का दर्जा दिलाया है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article