बिजनेस

मुलाकात के बाद जिनपिंग पर मेहरबान हुए ट्रंप, चीन पर टैरिफ कर दिया कम

US-China Trade Talks: दक्षिण कोरिया के बुसान में राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के कुछ घंटे बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी वस्तुओं पर टैरिफ 57% से घटाकर 47% करने की घोषणा की। यह कदम दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण व्यापारिक संबंधों में सुधार और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

Image

ट्रंप–शी बैठक के बाद अमेरिका ने चीन पर टैरिफ में की बड़ी कटौती (तस्वीर-AP)

Photo : AP

US-China Trade Talks : चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ दक्षिण कोरिया के बुसान में हुई बैठक के कुछ घंटे बाद ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी सामानों पर लगाए गए टैरिफ में बड़ी कमी की घोषणा की। यह दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों में संभावित सुधार का संकेत माना जा रहा है।

टैरिफ 57% से घटाकर 47% किया गया

ट्रंप ने कहा कि चीन से आने वाले उत्पादों पर अमेरिकी टैरिफ अब 57 प्रतिशत से घटाकर 47 प्रतिशत कर दिया जाएगा। उन्होंने इसे दोनों देशों के बीच व्यापक समझौते का हिस्सा बताया। ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि वॉशिंगटन और बीजिंग कई बातों पर सहमत हैं, यह कटौती तुरंत प्रभाव से लागू होगी।

फेंटानिल संबंधित टैरिफ में भी कमी

एयर फोर्स वन पर पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने बताया कि अमेरिका चीन पर लगाई गई फेंटानिल-संबंधी टैरिफ को 20% से घटाकर 10% करेगा। उन्होंने कहा कि यह कदम नशे की तस्करी को रोकने की दिशा में अहम है।

चीन तुरंत अमेरिकी सोयाबीन खरीदेगा

ट्रंप ने यह भी बताया कि चीन ने अमेरिका से सोयाबीन की बड़ी मात्रा में खरीद शुरू करने पर सहमति जताई है। ट्रंप ने कहा कि चीन जल्द ही बड़ी मात्रा में सोयाबीन खरीदेगा, जिसके लिए मैं उनका आभारी हूं। यह कदम बीजिंग की ओर से “सद्भावना का संकेत” माना जा रहा है।

रेयर अर्थ (दुर्लभ धातु) विवाद का समाधान

ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिका और चीन के बीच रेयर अर्थ व्यापार विवाद अब सुलझ गया है। उन्होंने कहा कि यह केवल अमेरिका का नहीं, बल्कि विश्व का मुद्दा था। अब चीन की ओर से कोई रुकावट नहीं है।

फेंटानिल रोकथाम पर भी सहमति

ट्रंप ने बताया कि शी जिनपिंग ने अमेरिका को भेजे जाने वाले फेंटानिल की शिपमेंट रोकने के लिए सहयोग करने पर सहमति दी है। उन्होंने इसे द्विपक्षीय तनाव कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

शी जिनपिंग ने ट्रंप की वैश्विक शांति में भूमिका की सराहना की

शी ने राष्ट्रपति ट्रंप की अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने गाजा संघर्षविराम समझौते के सफल निष्कर्ष में बड़ा योगदान दिया और कंबोडिया–थाईलैंड सीमा पर शांति घोषणा में भी भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति महोदय, आप विश्व शांति को लेकर अत्यंत चिंतित हैं और विभिन्न क्षेत्रीय विवादों के समाधान में बहुत उत्साही हैं। दुनिया आज कई कठिन समस्याओं का सामना कर रही है। चीन और अमेरिका जैसी बड़ी शक्तियां मिलकर जिम्मेदारी साझा कर सकती हैं और अपने देशों तथा विश्व के लिए ठोस उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।

बुसान में हुई पहली प्रत्यक्ष मुलाकात

दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के नेता बुसान में गुरुवार को मिले, जो ट्रंप के व्हाइट हाउस में लौटने के बाद उनकी पहली आमने-सामने मुलाकात थी। यह बैठक 32वें APEC आर्थिक नेताओं के सम्मेलन से पहले हुई और दोनों देशों के संबंधों में सुधार की दिशा में इसे अहम माना जा रहा है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article