बिजनेस

Dollar Vs Rupee: डॉलर के सामने रुपये की लंबी छलांग, आज इतने पैसे हुआ मजबूत

Dollar Vs Rupee: अमेरिका और ईरान के बीच सलह होने की खबरों ने आज रुपये को सहारा दिया है। अमेरिकी डॉलर के सामने रुपये में तेजी लौटी है।

Image

डॉलर बनाम रुपया

Dollar Vs Rupee: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज मजबूती लौटी है। सोमवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 40 पैसे मजबूत होकर 95.20 पर पहुंच गया। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की उम्मीदों से रुपये में मजबूती लौटी है। अमेरिका और ईरान के बीच सलह की खबरों से कच्चे तेल की कीमत में बड़ी गिरावट आई है। क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया है। इससे भी रुपये में मजबूती लौटी है।

करेंसी एक्सपर्ट के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच लगभग तीन महीने से जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक शांति समझौते पर काफी हद तक सहमति बन चुकी है, जिससे रुपये में सकारात्मक रुख देखा गया। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वार्ताकारों से कहा है कि किसी भी समझौते में जल्दबाजी न की जाए और दोनों पक्षों को पर्याप्त समय लेकर सही निर्णय लेना चाहिए। इसके अलावा, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि अमेरिका और भारत एक अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के करीब हैं और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जल्द ही भारत का दौरा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि हाल की वार्ताओं के बाद द्विपक्षीय संबंधों में मजबूती की संभावना है।

मजबूती के साथ खुला था रुपया

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.36 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती कारोबार में 95.20 तक पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 40 पैसे की मजबूती दर्शाता है। रुपया शुक्रवार को 75 पैसे की बढ़त के साथ 95.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.04 पर कारोबार कर रहा था,जबकि अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का 5.43 प्रतिशत टूटकर 97.92 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार में भी शानदार तेजी

घरेलू शेयर बाजार में भी तेजी देखी गई। सेंसेक्स 908.98 अंक चढ़कर 76,317.85 पर और निफ्टी 262.65 अंक की बढ़त के साथ 23,977.70 पर पहुंच गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 4,440.47 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article