बिजनेस

Dollar Vs Rupee: लगातार दूसरे दिन टूटा रुपया, अब 1 डॉलर की कीमत इतनी हुई

डॉलर के सामने रुपये में आज गिरावट दर्ज की गई। डॉलर इंडेक्स मजबूत होने से रुपया कमजोर हुआ है।

Image

डॉलर के मुकाबले रुपया

अमेरिकी डॉलर के सामने आज लगातार दूसरे दिन रुपये में गिरावट रही। रुपया मंगलवार को 11 पैसे कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.74 (अस्थायी) पर रहा। डॉलर के मजबूत होने और घरेलू बाजार के कमजोर रहने से रुपये पर दबाव है। रुपया सोमवार को 30 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.63 पर बंद हुआ था।

हालांकि, वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के चलते दो दिनों में बड़ी गिरावट नहीं आई है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.73 प्रति डॉलर पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.63 से 94.92 के स्तर तक पहुंचा और अंत में 94.74 (अस्थाीय) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले भाव से 11 पैसे की गिरावट है।

इसलिए रुपये में आई गिरावट

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने और घरेलू बाजारों के कमजोर पड़ने के कारण रुपये पर दबाव बना रहा। हालांकि, कच्चे तेल की गिरती कीमतों और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में नरमी ने गिरावट को कुछ हद रोक लिया। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के प्रमुख निवेश रणनीतिकार वी. के. विजयकुमार ने कहा कि निकट भविष्य में रुपया 94.60 से 94.95 प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार कर सकता है। वाणिज्यिक बैंकों द्वारा जुटाए जा रहे विदेशी मुद्रा प्रवासी बैंक (एफसीएनआर- बी) जमा के डेटा से वायदा बाजार काफी हद तक प्रभावित होगा।

डॉलर इंडेक्स में मजबूती

इस बीच, दुनिया के छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.09 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77.48 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। घरेलू शेयर बाज़ारों में सेंसेक्स 893.39 अंक टूटकर 76,200.68 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 278.80 अंक लुढ़ककर 23,824.10 अंक पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 635.91 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article