Dollar vs Rupee: ईरान और अमेरिका में एक बार फिर युद्ध शुरू होने की आशंका से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 120 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। इसका असर आज भारतीय शेयर बाजार और करेंसी पर हुआ है। रुपया टूटकर अपने ऑल टाइम लो पर पहुंच गया है। बता दें कि रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 32 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 95.20 पर पहुंच गया। इसके बाद और गिरावट बढ़ी। 11 बजे तक रुपया टूटकर 95.31 पर आ गया है। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अमेरिकी डॉलर के मजबूत रुख से घरेलू मुद्रा पर दबाव बढ़ा।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि ब्रेंट क्रूड का दाम करीब 125 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है, जिससे भारत का आयात खर्च बढ़ने की आशंका है। वहीं, पश्चिम एशिया में संभावित व्यापक संघर्ष की चिंताओं ने निवेशकों की बेचैनी बढ़ा दी है जिससे डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर पर और दबाव पड़ सकता है।
अमेरिका-ईरान में युद्ध शुरू होने की खबर
अमेरिका-ईरान युद्ध को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच ब्रेंट क्रूड का दाम बृहस्पतिवार को 125 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया जबकि वैश्विक शेयर बाजारों में गिरावट देखी गई। अमेरिका-ईरान वार्ता ठप पड़ने से होर्मुज जलडमरूमध्य के फिर से खुलने और युद्ध के स्थायी अंत को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है जिससे कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। ब्रेंट क्रूड के जून में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 6.2 प्रतिशत चढ़कर 125.36 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि जुलाई में आपूर्ति वाले अनुबंधों की कीमत 3.1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 113.85 डॉलर प्रति बैरल हो गई।
फरवरी के अंत में युद्ध शुरू होने से पहले ब्रेंट क्रूड करीब 70 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था। नौवें सप्ताह में प्रवेश कर चुके इस युद्ध के खत्म होने के कोई स्पष्ट संकेत नहीं हैं। अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी जारी रखी है जबकि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद है जिससे तेल की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। इस बीच, अमेरिकी वायदा बाजार और एशियाई शेयर बाजारों में भी गिरावट दर्ज की गई।
टूटकर खुला रुपया
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.01 प्रति डॉलर पर खुला। शुरुआती कारोबार में फिसलकर 95.20 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया जो पिछले बंद स्तर से 32 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया बुधवार को 20 पैसे कमजोर होकर 94.88 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.96 पर रहा।
शेयर बाजार में भी गिरावट
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार 821.79 अंक टूटकर 76,674.57 अंक पर जबकि निफ्टी 287.3 अंक फिसलकर 23,890.35 अंक पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 3.16 प्रतिशत बढ़त के साथ 121.76 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,468.42 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
