बिजनेस

मार्केट रेट से 25% डिस्काउंट पर मिल रहे दिल्ली में फ्लैट, कीमत साढ़े 11 लाख से शुरू

DDA 'नागरिक आवास योजना 2026' के तहत नरेला और सिरसपुर में मार्केट रेट से 25% डिस्काउंट पर फ्लैट दे रहा है। 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर शुरू हुई इस बुकिंग में फ्लैटों की कीमत 11.51 लाख से शुरू है।

Image

Flat

दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने इस विशेष योजना के तहत अलग-अलग आय वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ईडब्ल्यूएस (EWS), एलआईजी (LIG), एमआईजी (MIG) और एचआईजी (HIG) कैटेगरी के फ्लैटों को शामिल किया है। ये फ्लैट मुख्य रूप से उत्तरी दिल्ली के नरेला (Narela) और सिरसपुर (Siraspur) इलाकों में स्थित हैं। डीडीए इन क्षेत्रों को बेहतरीन बुनियादी ढांचे, चौड़ी सड़कों और आगामी मेट्रो कनेक्टिविटी के साथ एक बड़े आवासीय हब के रूप में विकसित कर रहा है। यहां पानी, बिजली और पार्कों जैसी बुनियादी सुविधाएं पहले से ही पूरी तरह तैयार हैं और ये फ्लैट पूरी तरह से 'फ्रीहोल्ड प्रॉपर्टी' हैं, जिसका मतलब है कि मालिकाना हक को लेकर कोई कानूनी अड़चन नहीं है।

25% डिस्काउंट के बाद क्या है फ्लैटों की नई कीमतें?

डीडीए द्वारा दी जा रही फ्लैट 25% की छूट के बाद अलग-अलग कैटेगरी के फ्लैटों की अनुमानित शुरुआती कीमतें:

  • ईडब्ल्यूएस (EWS - Economically Weaker Section): आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए नरेला में फ्लैटों की शुरुआती कीमत करीब ₹9.60 लाख से शुरू होती है।
  • एलआईजी (LIG - Low Income Group): सिरसपुर और नरेला में एलआईजी फ्लैटों की कीमत ₹11.51 लाख से ₹15 लाख के बीच रखी गई है। सिरसपुर में स्थित एलआईजी फ्लैटों की शुरुआती कीमत ₹11.51 लाख है।
  • एमआईजी (MIG - Middle Income Group): मध्यम आय वर्ग के लिए नरेला में फ्लैटों की रेंज ₹66 लाख से ₹82 लाख के बीच है।
  • एचआईजी (HIG - High Income Group): उच्च आय वर्ग के बड़े फ्लैटों की कीमत ₹95.88 लाख से शुरू होकर ₹1.17 करोड़ तक जाती है।

लॉटरी का झंझट खत्म, 'पहले आओ, पहले पाओ' का नियम

डीडीए की पुरानी योजनाओं में लोगों को फ्लैट पाने के लिए ड्रा (लॉटरी) पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे कई बार फॉर्म भरने के बाद भी हाथ खाली रह जाते थे। लेकिन 'नागरिक आवास योजना 2026' में इस व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया गया है। बुकिंग पूरी तरह 'First-Come, First-Served' यानी 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर लाइव है। इसका मतलब है कि जो व्यक्ति पोर्टल पर जाकर पहले अपनी पसंद का फ्लैट चुनेगा और बुकिंग टोकन राशि जमा करेगा, वह फ्लैट तुरंत उसी के नाम अलॉट (आरक्षित) हो जाएगा।

घर बैठे ऑनलाइन आवेदन और बुकिंग कैसे करें?

  • स्टेप 1 (रजिस्ट्रेशन): सबसे पहले डीडीए के आधिकारिक ई-सर्विसेज पोर्टल https://eservices.dda.org.in पर जाएं। यदि आप नए यूजर हैं, तो अपने आधार कार्ड और चालू मोबाइल नंबर के जरिए आईडी क्रिएट करें और ₹2,500 की नॉन-रिफंडेबल रजिस्ट्रेशन फीस जमा करें।
  • स्टेप 2 (फ्लैट का चयन): लॉग-इन करने के बाद 'DDA Nagrik Awaas Yojana 2026' के लिंक पर क्लिक करें। यहां आपको नरेला और सिरसपुर के पॉकेट, ब्लॉक और उपलब्ध खाली फ्लैटों की पूरी लिस्ट (Layout Plan) दिखाई देगी। आप अपनी पसंद का फ्लैट नंबर चुन सकते हैं।
  • स्टेप 3 (टोकन मनी का भुगतान): फ्लैट फाइनल करने के बाद उसे होल्ड करने के लिए तय बुकिंग राशि का ऑनलाइन भुगतान (UPI, नेट बैंकिंग या क्रेडिट/डेबिट कार्ड से) करना होगा।
  • बुकिंग राशि: EWS के लिए ₹50,000, LIG के लिए ₹1 लाख, MIG के लिए ₹4 लाख और HIG के लिए ₹10 लाख तय है।
  • स्टेप 4 (कन्फर्मेशन): भुगतान सफल होते ही वह फ्लैट आपके नाम पर ब्लॉक हो जाएगा और डीडीए की तरफ से आपको डिमांड-कम-अलॉटमेंट लेटर जारी कर दिया जाएगा, जिसके बाद बची हुई राशि तय समय सीमा के भीतर चुकानी होगी।
Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article