बिजनेस

Crypto Exchange: Binance, Kucoin जैसे 9 क्रिप्टो एक्सचेंज के URL होंगे ब्लॉक ! इंटेलीजेंस यूनिट ने इसलिए की कार्रवाई

Crypto Exchange: वित्त मंत्रालय ने बयान में कहा कि बाइनेंस और क्यूकॉइन के अलावा हुओबी, क्रैकन, गेट.आईओ, बिट्रेक्स, बिटस्टैम्प, एमईएक्ससी ग्लोबल और बिटफेनेक्स को भी एफआईयू ने नोटिस भेजा है।

Image

क्रिप्टो एक्सचेंज

Crypto Exchange: वित्त मंत्रालय के तहत फाइनेंशियल इंटेलीजेंस यूनिट (FIU) ने धनशोधन-निरोधक कानून का पालन नहीं करने पर बाइनेंस (Binance) और क्यूकॉइन (kucoin) जैसे नौ विदेशी क्रिप्टोकरेंसी एवं डिजिटल एसेट प्लेटफॉर्म को कारण-बताओ नोटिस भेजा है।एफआईयू ने इन नौ डिजिटल मंचों के यूआरएल को प्रतिबंधित करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (मेइटी) को पत्र भी लिखा है। ये प्लेटफॉर्म भारत में धनशोधन-निवारक अधिनियम (PMLA) के प्रावधानों को पालन किए बगैर काम कर रहे थे। Binance, दुनिया का सबसे बड़ा क्रिप्टो एक्सचेंज संचालित करती है

इन 9 को भेजा नोटिस

वित्त मंत्रालय ने बयान में कहा कि बाइनेंस और क्यूकॉइन के अलावा हुओबी, क्रैकन, गेट.आईओ, बिट्रेक्स, बिटस्टैम्प, एमईएक्ससी ग्लोबल और बिटफेनेक्स को भी एफआईयू ने नोटिस भेजा है। उन्हें एफआईयू-आईएनडी के पास रिपोर्टिंग इकाई के रूप में पंजीकरण न कराने के लिए नोटिस भेजा गया है।एफआईयू-आईएनडी प्रवर्तन एजेंसियों और विदेशी एफआईयू को संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से संबंधित जानकारी जुटाने, प्रोसेसिंग, एनॉलिसिस के लिए काम करती है। इसी के तहत उसने इन 9 क्रिप्टो एक्सचेंज को स्थानीय मनी लॉन्ड्रिंग कानूनों का पालन किए बिना भारत में अवैध रूप से संचालन करने के लिए यूआरएल्स ब्लॉक करने का निर्देश दिया है।

अब तक 31 ने कराया रजिस्ट्रेशन

भारत में कारोबार करने वाले वर्चुअल डिजिटल परिसंपत्ति सेवा प्रदाताओं (वीडीए-एसपी) के लिए एफआईयू-आईएनडी के पास रिपोर्टिंग इकाई के तौर पर पंजीकरण कराना जरूरी होता है। इसके अलावा उन्हें पीएमएलए, 2002 के प्रावधानों का भी पालन करना पड़ता है।अभी तक कुल 31 वीडीए-एसपी ने एफआईयू-आईएनडी के पास अपना पंजीकरण कराया है। वित्त मंत्रालय ने कहा है कि ऑफशोर और ऑनशोर वर्चुअल डिजिटल एसेट सर्विस प्रोवाइडर्स, जो भारत में काम कर रहे हैं उन्हें फाइनेंशियल इंटेलीजेंस यूनिट-इंडिया के साथ रजिस्टर होना होगा। साथ ही प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के प्रावधानों का पालन करना होगा।

TNN Business Desk
TNN बिजनेस डेस्क author

TNN बिजनेस डेस्क

और पढ़ें
End of Article