CNG Price Hike: दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी आज से बढ़ी हुई कीमतों पर मिलेगी। दिल्ली के साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद में भी कीमत बढ़ी हैं। हालांकि, गुरुग्राम में कोई वृद्धि नहीं की गई है। नई कीमतें शनिवार (22 जून 2024) से लागू होंगी। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद में लोगों को 22 जून सुबह 6 बजे से बढ़ी हुई कीमतों पर सीएनजी की खरीद करनी होगी। दिल्ली में अब प्रति किलोग्राम सीएनजी के लिए 1 रुपया अधिक देना होगा। दिल्ली में सीएनजी की नई कीमत 75.09 रुपए है, जो पहले 74.09 रुपए थी। NBT के मुताबिक कीमत में इजाफा आईजीएल की तरफ से किया जा रहा है।
इन शहरों में भी बदलाव
रेवाड़ी में भी सीएनजी एक रुपए प्रति किलो महंगी हो गई है। नई कीमत अब यहां 79.70 प्रति किलो है। करनाल और कैथल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली में भी एक रुपए की वृद्धि की गई है। इन शहरों में अब सीएनजी की नई कीमत 80.08 रुपए किलो है। इसी तरह राजस्थान के अजमेर, पाली, राजसमंद में भी एक रुपए का इजाफा किया गया है।
