बिजनेस

74 रुपये में बिकी ₹12000 करोड़ की कंपनी, जानें कैसे ताश के महल जैसे ढह गई 47 साल पुरानी कंपनी

BR Shetty ने NMC को बनाने में करीब 5 दशक लगाए। 19 देशों तक कारोबार फैलाया, लेकिन कुछ गलतियों की वजह से उनका यह साम्राज्य ताश के महले की तरह ढह गया। जानें कैसे इतनी बड़ी कंपनी का हुआ पतन?

Image

कॉरपोरेट पतन की कहानी

BR Shetty NMC Rise and Fall: ₹12,000 करोड़ की कंपनी सिर्फ ₹74 में बिक जाए, यह सुनने में काल्पनिक कहानी लगती है, लेकिन BR Shetty के साथ यह हुआ है। एक ऐसा बिजनेस साम्राज्य, जो उन्होंने दशकों में खड़ा किया। कुछ गहुआ, कुछ महीनों में ढह गया। यह सिर्फ फेलियर नहीं, बल्कि कॉरपोरेट गवर्नेंस का बड़ा सबक है।

47 साल में बना साम्राज्य, महीनों में ढहा

BR Shetty ने 1975 में UAE में एक छोटे क्लिनिक से शुरुआत की थी, जो आगे चलकर NMC Health जैसे मल्टी-बिलियन डॉलर हेल्थकेयर नेटवर्क में बदल गया।

NMC Health, UAE Exchange, Finablr और Neopharma जैसे ब्रांड्स के जरिए उन्होंने हेल्थकेयर, फाइनेंस और फार्मा में विशाल नेटवर्क खड़ा किया। कंपनी की वैल्यू अपने पीक पर $10 बिलियन से ज्यादा पहुंच गई थी।

कैसे शुरू हुआ पतन

दिसंबर 2019 में Muddy Waters की रिपोर्ट ने पहली बार NMC Health के खातों पर सवाल उठाए। आरोप था कि कंपनी ने कर्ज छुपाया और कैश बैलेंस बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया। कुछ ही महीनों में कंपनी ने $4 बिलियन से ज्यादा छिपे कर्ज की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद निवेशकों का भरोसा टूट गया और शेयर कीमत धड़ाम हो गई।

BR Shetty NMC Rise and Fall in a Glance

BR Shetty और NMC के बनने और बिगड़ने की पूरी कहानी

कर्ज, फर्जीवाड़ा और सिस्टम फेलियर

जांच में सामने आया कि कंपनी में फर्जी दस्तावेज, अनऑथराइज्ड लोन और कमजोर गवर्नेंस का बड़ा जाल था। 80 से ज्यादा बैंक और वित्तीय संस्थान इस संकट में फंस गए। सिर्फ Abu Dhabi Commercial Bank का एक्सपोजर ही करीब $1 बिलियन था। 2020 में NMC Health को UK कोर्ट ने एडमिनिस्ट्रेशन में भेज दिया, जिससे पूरा बिजनेस स्ट्रक्चर टूट गया।

₹12,000 करोड़ से ₹74 तक कैसे पहुंची वैल्यू

जो कंपनी कभी अरबों डॉलर की थी, उसके हिस्से बाद में मात्र ₹74 में बिके। यह गिरावट सिर्फ मार्केट की वजह से नहीं, बल्कि भरोसे के पूरी तरह खत्म हो जाने का नतीजा थी। एक बार जब गवर्नेंस पर सवाल उठते हैं, तो वैल्यूएशन तेजी से मिट जाता है।

  • कर्ज छुपाने से शुरू हुआ खेल : दिसंबर 2019 में शॉर्ट-सेलर Muddy Waters ने NMC Health के खातों पर सवाल उठाए। आरोप था कि कंपनी ने अपने बैलेंस शीट में कर्ज को कम दिखाया और वास्तविक वित्तीय स्थिति छुपाई। यहीं से पूरे साम्राज्य के ढहने की शुरुआत हुई।
  • जांच, इस्तीफे और भरोसे का संकट : फरवरी 2020 में कंपनी के टॉप मैनेजमेंट में हलचल शुरू हुई और एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन Khalifa Butti ने इस्तीफा दे दिया। साथ ही UK की Financial Conduct Authority (FCA) ने जांच शुरू की। इसी दौरान कंपनी के शेयर ट्रेडिंग से सस्पेंड कर दिए गए, जिससे निवेशकों का भरोसा पूरी तरह टूट गया।
  • असली कर्ज सामने आया, झटका और बड़ा : मार्च 2020 में कंपनी ने स्वीकार किया कि करीब $2.7 बिलियन का कर्ज पहले छुपाया गया था। जहां पहले कुल कर्ज $2.1 बिलियन बताया गया था, वहीं बाद में यह बढ़कर करीब $5 बिलियन और फिर $6.6 बिलियन तक पहुंच गया। यह खुलासा कंपनी के लिए सबसे बड़ा झटका साबित हुआ।
  • डील फेल, खरीददार पीछे हटे: संकट के बीच प्राइवेट इक्विटी फर्म्स जैसे KKR और GK Investment ने कंपनी खरीदने में दिलचस्पी दिखाई, लेकिन बढ़ते जोखिम और गवर्नेंस इश्यू के कारण दोनों ने डील से हाथ खींच लिया। इससे साफ हो गया कि कंपनी की हालत उम्मीद से ज्यादा खराब है।
  • दिवालिया प्रक्रिया और कानूनी कार्रवाई: 8 अप्रैल 2020 को NMC Health को UK में एडमिनिस्ट्रेशन में डाल दिया गया। इसके बाद कई बैंकों ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। Abu Dhabi Commercial Bank ने क्रिमिनल शिकायत दर्ज की, जबकि अमेरिका में कंपनी ने Chapter 15 दिवालिया प्रक्रिया शुरू की।
  • अंत में ₹74 में बिकी कंपनी: लगातार कर्ज, फर्जीवाड़े और गवर्नेंस फेलियर के चलते कंपनी की वैल्यू पूरी तरह खत्म हो गई। दिसंबर 2020 में NMC Health को महज $1 (करीब ₹74) में बेच दिया गया।

आज कहां है BR Shetty

2020 के बाद Shetty के एसेट्स फ्रीज कर दिए गए और कई देशों में कानूनी मामले शुरू हुए। 2025 में दुबई कोर्ट ने उन्हें SBI को $46 मिलियन चुकाने का आदेश दिया। अभी भी कई मामलों में जांच जारी है और उनका बिजनेस कंट्रोल खत्म हो चुका है। B.R. Shetty की कहानी बताती है कि बिजनेस में तेजी से बढ़ना ही काफी नहीं है। अगर ट्रांसपेरेंसी और गवर्नेंस कमजोर हो, तो सबसे बड़ा साम्राज्य भी ताश के महल की तरह गिर सकता है। यह नई पीढ़ी के उद्यमियों के लिए सबसे बड़ा सबक है कि छिपा हुआ कर्ज और कमजोर सिस्टम, किसी भी सफलता को खत्म कर सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानिया author

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों... और देखें

End of Article