Ayodhya Ram Mandir inauguration: मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां काफी तेजी से चल रही हैं। जैसे-जैसे यह पल समीप आ रहा है, आमजन में जिज्ञासा भी बढ़ती जा रही है। इधर 22 जनवरी को प्रभु श्री राम मंदिर के भव्य उद्घाटन के साथ अयोध्या और इसके आसपास के क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को जबरदस्त बढ़ोतरी मिलना तय है।
देश में 50 हजार करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान
व्यापारी संगठन CAIT ने कहा है कि 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर के उद्घाटन से देश में 50 हजार करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। स्थानीय व्यवसायी, दुकानदार, छोटे विक्रेता आदि भी राम मंदिर के खुलने से उनकी आय और राजस्व में भारी उछाल को लेकर बहुत आशान्वित हैं।
प्रति माह 4.5 मिलियन पर्यटकों के आने की उम्मीद
शहर के विकास और तमाम इंफ्रा प्रोजेक्ट्स के संदर्भ में, कारीगर फिलहाल 6 अरब डॉलर के प्रोजेक्ट के नवीनीकरण को अंतिम रूप दे रहे हैं। शहर के अधिकारियों को प्रति माह 4.5 मिलियन पर्यटकों की उम्मीद है, जो शहर की 3.5 मिलियन की आबादी से अधिक है।
अयोध्या में जमीन की कीमत कई गुना बढ़ी
स्थानीय व्यवसायी विकास को लेकर काफी आशान्वित हैं। देश भर से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ-साथ अधिक विदेशी पर्यटकों के आने की भी उम्मीद है। 2019 में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद से अयोध्या में जमीन की कीमत कई गुना बढ़ गई है।
16 जनवरी से शुरु होगी अनुष्ठान प्रक्रिया
अयोध्या में सात दिनों तक वृहद स्तर पर अनुष्ठान प्रक्रिया चलेगा, जिसकी शुरुआत 16 जनवरी से होगी। 22 जनवरी को श्रीरामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होगी। 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी के करकमलों से श्रीराम अपने दिव्य-भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। इस कार्यक्रम के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निरंतर अयोध्या दौरा कर रहे हैं। दो दिसंबर व 21 दिसंबर को अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निरंतर राम मंदिर निर्माण कार्य का अपडेट ले रहे हैं। इस कार्यक्रम में देश-विदेश से काफी संख्या में आगंतुक उपस्थित रहेंगे।
