बिजनेस

एलायंस एयर की नई पहल; डेट हो जो भी टिकट के दाम होंगे समान, फेयर से फुर्सत से फ्लाइट होगी किफायती और आसान

भारत के हवाई यात्रियों के लिए खुशखबरी है। एलायंस एयर ने अपनी नई पहल ‘फेयर से फुर्सत’ शुरू की है, जिसके तहत टिकट की बुकिंग तारीख चाहे जो भी हो, किराया समान रहेगा। यह योजना 13 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2025 तक चुनिंदा रूट्स पर प्रायोगिक तौर पर लागू की जा रही है।

Image

एलायंस एयर ने किया ‘फेयर से फुर्सत’ लॉन्च (फोटो: पीआईबी)

Alliance Air Fair Se Fursat: देश के हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू ने सोमवार को सरकारी विमानन कंपनी एलायंस एयर की नई पहल ‘फेयर से फुर्सत’ की शुरुआत की। इस योजना के तहत यात्रियों को अब टिकट बुकिंग की तारीख चाहे जो भी हो, किराया एक समान रहेगा। यानी, अंतिम समय पर टिकट लेने पर भी किराया नहीं बढ़ेगा। यह योजना 13 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2025 तक प्रायोगिक तौर पर चुनिंदा रूट्स पर लागू की जा रही है। अगर यात्रियों की प्रतिक्रिया सकारात्मक रही तो आगे इसे स्थायी रूप से लागू किया जाएगा।

फेयर से फुर्सत का विजन

उद्घाटन समारोह में नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा, एलायंस एयर के अध्यक्ष अमित कुमार और सीईओ राजर्षि सेन भी मौजूद थे। इस मौके पर मंत्री नायडू ने कहा, ‘फेयर से फुर्सत’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन से जुड़ी है, जिसमें विमानन को मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग के लिए सुलभ बनाने की बात कही गई है। अब लोग निश्चिंत होकर यात्रा की योजना बना सकते हैं, बिना इस डर के कि टिकट महंगा हो जाएगा।' मंत्री ने बताया कि मंत्रालय का मकसद हवाई यात्रा को जन-केन्द्रित और किफायती बनाना है। उन्होंने कहा, “हम पहले ही ₹10 में चाय, ₹20 में कॉफी और ₹20 में नाश्ता उपलब्ध कराने वाले उड़ान कैफे शुरू कर चुके हैं।

यात्रियों की सबसे बड़ी चिंता हो रही दूर

अब हवाई किराए को भी स्थिर बनाकर यात्रियों की सबसे बड़ी चिंता दूर कर रहे हैं।” एलायंस एयर इस पहल के ज़रिए देश के टियर-2 और टियर-3 शहरों को जोड़ने वाली रीढ़ की हड्डी साबित हो रही है। यह योजना ‘एक मार्ग, एक किराया’ की अवधारणा पर आधारित है, जो मुनाफे से आगे बढ़कर सार्वजनिक सेवा और पारदर्शिता पर ध्यान देती है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह कदम छोटे शहरों से उड़ान भरने वाले यात्रियों को बड़ा भरोसा देगा और उन्हें हवाई यात्रा के लिए प्रोत्साहित करेगा। ‘फेयर से फुर्सत’ योजना मोदी सरकार की उस सोच को मजबूत करती है, जिसमें कहा गया है “अब देश का आम नागरिक भी आसमान में उड़ सके।"

Prerit Kumar
प्रेरित कुमारauthor

मैं एक जिज्ञासु पत्रकार हूँ, जो खबरों के हर पहलू को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य का अनुभव रखता हूँ। पत्रकारिता की दुनिया में एक दशक से सक्रिय हूँ। समाज और सच्चाई को जोड़ने वाली सार्थक पत्रकारिता में विश्वास करता हूँ।

और पढ़ें
End of Article