बिजनेस

Adani Group Profit: अडानी ग्रुप का मुनाफा 2023-24 में 55% बढ़ा, अगले दशक में 90 अरब डॉलर के निवेश का टारगेट

Adani Group Profit: अडानी ग्रुप का मुनाफा मार्च 2024 को समाप्त वित्त वर्ष में 55 प्रतिशत बढ़ा। अगले दशक में 90 अरब अमेरिकी डॉलर के पूंजीगत निवेश की योजना बनाई है।

Image

अडानी ग्रुप का मुनाफा बढ़ा

Photo : BCCL

Adani Group Profit: अडानी ग्रुप का मुनाफा मार्च 2024 को समाप्त वित्त वर्ष में 55 प्रतिशत बढ़ा। इसके साथ ही समूह ने अगले दशक में 90 अरब अमेरिकी डॉलर के पूंजीगत निवेश की योजना बनाई है। अमेरिकी निवेश कंपनी हिंडनबर्ग की एक रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों से उबरकर समूह की सूचीबद्ध कंपनियों ने 2023-24 में कर्ज को नियंत्रित करने, संस्थापक के गिरवी शेयरों में कमी करने और कारोबार को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया।

शेयर बाजार के आंकड़ों और विश्लेषकों के अनुसार बीते वित्त वर्ष में समूह की सूचीबद्ध कंपनियों ने 30,767 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया। यह आंकड़ा इससे पिछले वित्त वर्ष में 19,833 करोड़ रुपये था। लाभ वृद्धि के लिए पांच वर्षीय सीएजीआर (चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर) 54 प्रतिशत थी। इस दौरान राजस्व में छह प्रतिशत की गिरावट के बावजूद ईबीआईटीडीए (ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की आय) 40 प्रतिशत बढ़कर 66,244 करोड़ रुपये हो गई।

अमेरिकी ब्रोकरेज फ्रम जेफरीज ने एक टिप्पणी में कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 में समूह का कुल ईबीआईटीडीए सालाना आधार पर 40 प्रतिशत बढ़ा। समूह ने इक्विटी/ ऋण/ रणनीतिक निवेशकों से नए फंड जुटाए, और प्रवर्तकों ने समूह की कंपनियों में हिस्सेदारी बढ़ाई और समूह के बाजार पूंजीकरण में उछाल आया।

ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि समूह तेजी से विस्तार कर रहा है और उसने अगले दशक में 90 अरब अमेरिकी डॉलर के पूंजीगत निवेश की योजना बनाई है। रिपोर्ट के मुताबिक समूह स्तर पर शुद्ध ऋण (आठ कंपनियों के अलावा सीमेंट व्यवसाय से जुड़ा कर्ज) वित्त वर्ष 2023-24 में 2.2 लाख करोड़ रुपये पर स्थिर रहा, जो इससे पहले 2.3 लाख करोड़ रुपये था। (इनपुट भाषा)

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article