Aaj Ka Sona Bhav : बीते कारोबारी हफ्ते में सोने के रेट ऑल-टाइम हाई तक गये। सोने ने 61145 रु प्रति 10 ग्राम का नया रिकॉर्ड स्तर छुआ। पर यह इसके 24 कैरेट सोने का रेट है। यानी आपको एक ग्राम सोना 6114 रु में मिलेगा। पर क्या आप जानते हैं कि आप सोना करीब 3500 रु में भी खरीद सकते हैं। जी हां यह सच है। दरअसल सोना कई क्वालिटी में उपलब्ध होता है। यहां हम आपको बताएंगे कि कौन सी क्वालिटी का सोना आपको 3500 रु में मिल जाएगा।
3500 रु के रेट पर खरीद सकते हैं सोना
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) की वेबसाइट पर सोने के रेट कुल 5 क्वालिटी में दिए जाते हैं। इनमें 999, 995, 916 750 और 585 शामिल हैं। ये नंबर इनकी क्वालिटी के कोड हैं। इनमें 585 वाला सोना सबसे कम शुद्ध (58.5 फीसदी) होता है। इसलिए इसका रेट भी सबसे कम होता है। इसका रेट अंतिम कारोबारी दिन यानी गुरुवार को केवल 35465 रु पर बंद हुआ। ये इसके 10 ग्राम का भाव है। इस तरह इस क्वालिटी का एक ग्राम सोना आपको केवल 3546 रु में मिल सकता है।
कितना है सोने का ताजा रेट
आईबीजेए के अनुसार गुरुवार की शाम को 24 कैरेट वाले सोने का रेट प्रति 10 ग्राम 60623 रु पर बंद हुआ था, जबकि चांदी का रेट प्रति किलो 74164 रु पर बंद हुआ था। इससे पहले 4 अप्रैल को एमसीएक्स पर सोने एक नया रिकॉर्ड स्तर छूने में कामयाब रहा और इसका रेट ऊपर की तरफ 61145 रु के स्तर तक गया। तब लगातार दूसरे दिन सोने ने नया ऑल-टाइम हाई लेवल छुआ था।
आगे कैसी रहेगी सोने की चाल
आरबीआई ने अपनी वित्त वर्ष 2023-24 की पहली मौद्रिक नीति में रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया, जबकि उम्मीद की जा रही थी कि केंद्रीय बैंक रेपो रेट बढ़ाएगा। आगे संभावना है कि अगले महीने फेड रिजर्व भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी पर रोक लगा सकता है। इसके साथ ही डॉलर इंडेक्स में नरमी रह सकती है। पर पूर्व आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन ने ग्लोबल बैंकिंग संकट और अधिक गहराने की आशंका जताई है। अमेरिका के ग्रोथ रेट के आंकड़े भी कमजोर हैं। इन सभी फैक्टर्स का असर सोने की कीमतों पर दिख सकता है।
