Multibagger Stocks: शेयर बाजार के निवेशकों की पहली पसंद होते हैं। स्मॉलकैप कंपनी GRM Overseas के स्टॉक ने पिछले एक साल में करीब 140% का दमदार रिटर्न देकर सुर्खियां बटोरी हैं। अब कंपनी ने निवेशकों को बड़ा तोहफा देते हुए 2:1 बोनस शेयर इश्यू के लिए रिकॉर्ड डेट तय कर दी है। मजबूत एक्सपोर्ट बिजनेस, शानदार Q2 नतीजे और मधु केला फैमिली व निखिल वोरा जैसे दिग्गज निवेशकों की हिस्सेदारी के चलते यह स्टॉक एक बार फिर बाजार के फोकस में आ गया है।
क्या है बोनस शेयर की रिकॉर्ड डेट?
शुक्रवार को BSE/NSE को दी गई एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने 2:1 बोनस शेयर इश्यू के लिए रिकॉर्ड डेट का ऐलान किया। फाइलिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक बुधवार 24 दिसंबर को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। रिकॉर्ड डेट तक शेयर होल्ड करने वाले निवेशकों को उनके पास मौजूद हर एक शेयर पर दो नए फुली पेड इक्विटी शेयर मिलेंगे। कंपनी ने यह भी साफ किया है कि बोनस शेयरों की डीम्ड अलॉटमेंट डेट 26 दिसंबर तय की गई है।
शेयर परफॉर्मेंस ने बनाया मल्टीबैगर
बोनस शेयर की रिकॉर्ड डेट के ऐलान के बाद GRM Overseas का शेयर शुक्रवार को सीमित दायरे में कारोबार करता नजर आया। BSE पर शेयर का दिन का हाई 475 रुपये और लो 470.15 रुपये रहा। हालांकि, पिछले एक साल में स्टॉक का प्रदर्शन शानदार रहा है। पिछले तीन महीनों में शेयर करीब 33% चढ़ चुका है, जबकि छह महीनों में इसमें 27% की तेजी दर्ज की गई है। सालाना आधार पर यह स्टॉक मल्टीबैगर बन चुका है और बीते एक साल में करीब 140% तक का रिटर्न दे चुका है।
Q2 नतीजों से मिली मजबूती
कंपनी के दूसरी तिमाही के नतीजों ने भी शेयर में तेजी को सपोर्ट किया है। मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही यानी Q2 FY26 में GRM Overseas का कुल रेवेन्यू 372.1 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के 320.2 करोड़ रुपये के मुकाबले 16.2% ज्यादा है। रेवेन्यू ग्रोथ में सबसे बड़ा योगदान एक्सपोर्ट बिजनेस का रहा, जिसमें सालाना आधार पर 72% की जबरदस्त बढ़त दर्ज की गई।
मुनाफे और मार्जिन में दमदार उछाल
दूसरी तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 14.8 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के 9.2 करोड़ रुपये के मुकाबले 60.5% ज्यादा है। EBITDA 24.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जिसमें सालाना आधार पर 53.9% की ग्रोथ देखने को मिली। इसी के साथ EBITDA मार्जिन बढ़कर 6.6% हो गया, जो करीब 161 बेसिस पॉइंट की ग्रोथ दिखाता है।
मधु केला और निखिल वोरा भी शेयरहोल्डर
Economic Times की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस स्मॉलकैप स्टॉक में दिग्गज निवेशक मधु केला ने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। इसके अलावा जाने-माने निवेशक निखिल वोरा की मौजूदगी ने भी स्टॉक को लेकर बाजार का भरोसा मजबूत किया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि इससे पहले प्रमोटर्स ने करीब 2.65% हिस्सेदारी लगभग 58 करोड़ रुपये में बेची थी, जिसके बाद इन दिग्गज निवेशकों की हिस्सेदारी बढ़ी है। सितंबर 2025 तक की स्थिति के मुताबिक मधु केला फैमली की होल्डिंग कंपनी Singularity Equity Fund I के पास GRM Overseas की 3.35% हिस्सेदारी है।
क्या करती है कंपनी?
GRM Overseas अब केवल बासमती राइस एक्सपोर्ट तक सीमित नहीं रहना चाहती। कंपनी अपनी सब्सिडियरी GRM Foodkraft के जरिए पैकेज्ड फूड सेगमेंट पर आक्रामक तरीके से फोकस बढ़ा रही है। बाजार जानकारों का मानना है कि एक्सपोर्ट ग्रोथ, मजबूत फाइनेंशियल परफॉर्मेंस, बोनस शेयर और दिग्गज निवेशकों की दिलचस्पी के चलते GRM Overseas स्मॉलकैप स्पेस में आगे भी निवेशकों की नजर में बना रह सकता है।
