'ब्राह्मण, बनिया जेब में...' BJP प्रभारी मुरलीधर राव के बयान पर कमलनाथ का पलटवार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 9, 2021, 11:03 AM IST

BJP leader Muralidhar Rao : भाजपा नेता मुरलीधर राव के इस बयान ने कांग्रेस को हमला बोलने का मौका दे दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (Kamalnath) ने राव पर यह कहते हुए निशाना साधा है कि भाजपा नेता ने दोनों समुदायों का अपमान किया है। 

'ब्राह्मण, बनिया जेब में...' BJP प्रभारी मुरलीधर राव के बयान पर कमलनाथ का पलटवार
Photo Credit: ANI

भोपाल : मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रभारी मुरलीधर राव (Muralidhar Rao) के एक बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान राव ने कहा कि 'ब्राह्मण एवं बनिया समुदाय से ताल्लुक रखने वाले लोग उनकी जेब में हैं।' भाजपा नेता के इस बयान ने कांग्रेस को हमला बोलने का मौका दे दिया है। कांग्रेस (Congress) के वरिष्ठ नेता एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (Kamalnath) ने राव पर यह कहते हुए निशाना साधा है कि भाजपा नेता ने दोनों समुदायों का अपमान किया है। 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राव ने दिया विवादित बयान

संवाददाता सम्मेलन में भाजपा पर जाति आधारित वोट बैंक की राजनीति करने के आरोपों पर सवाल पूछा गया था। इस सवाल का जवाब देते हुए राव ने कहा, 'ब्राह्मण एवं बनिया मेरी दोनों जेब में हैं...भाजपा में जब ब्राह्मण कार्यकर्ता थे तो इसे ब्राह्मणों की पार्टी कहा जाता था और जब इससे बनिया कार्यकर्ता जुड़े तो इसे बनिया की पार्टी कहा गया...भाजपा सभी समुदायों की पार्टी है।' राव का यह बयान सामने आने पर कांग्रेस नेता कमलनाथ ने सिलसिलेवार ट्वीट कर भाजपा पर हमला बोला। 

कमलनाथ ने किया पलटवार

कमलनाथ ने कहा, 'मध्य प्रदेश के भाजपा प्रभारी जो 'सबका साथ, सबका विकास' का नारा देते हैं, अब वह कह रहे हैं कि उनकी एक जेब में ब्राह्मण और दूसरी जेब में बनिया हैं। यह दोनों समुदायों का अपमान है। भाजपा इन समुदायों को अपनी संपत्ति समझती है। भाजपा को खड़ा करने में इन दोनों समुदाय के नेताओं ने बड़ा योगदान दिया है, क्या भाजपा इसी तरह से उन नेताओं का सम्मान कर रही है?'

'सत्ता के नशे में भाजपा के नेता घमंडी हो गए हैं'

कमलनाथ ने आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में भाजपा के नेता घमंडी हो गए हैं। राव के बयान से पूरे ब्राह्मण एवं बनिया समुदाय का अपमान हुआ है। कांग्रेस नेता ने कहा, 'जो लोग सभी को साथ लेकर चलने की बात करते हैं, अब ये खास समुदायों की बात और इन दोनों समुदायों का अपमान करने लगे हैं। यह किस तरह की सोच एवं मानसिकता है। सत्ता के लिए भाजपा किसी भी स्तर पर जा सकती है। उसकी नीतियां, सोच एवं विचारधारा सभी केवल सत्ता पाने के लिए हैं।' 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!