Toyota Urban Cruiser Hyryder Waiting: टोयोटा की अर्बन क्रूजर हाइराइडर की भारतीय मार्केट में जोरदार डिमांड है। इस एसयूवी पर वेटिंग पीरियड भी काफी ज्यादा मिल रहा था जो अब घट गया है। अगर अब आप हाइराइडर की बुकिंग कराते हैं तो 1 से 3 महीने बाद आपको इस एसयूवी की डिलीवरी मिल जाएगी। हालांकि ये पावरट्रेन यानी इंजन और वेरिएंट पर निर्भर करता है। हाइब्रिड मॉडल की वेटिंग दो महीने से घटकर एक महीना हो गई है, वहीं पेट्रोल वेरिएंट के लिए 5 महीने की जगह अब सिर्फ 2 महीने इंतजार करना होगा। सीएनजी वेरिएंट की वेटिंग 4 महीने से 3 महीने हो गई है।
एसयूवी को मिला हाईब्रिड इंजन
टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर के साथ सेल्फ चार्जिंग स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इलेक्ट्रिक तकनीक वाला इंजन दिया गया है। कंपनी ने ग्लोबल मार्केट के बाद अब इस तकनीक को भारत में पेश किया है। इसके अलावा अर्बन क्रूजर हाइराइडर को एक और पावरट्रेन दी गई है जो निओ ड्राइव है। नई एसयूवी को मारुति सुजुकी से लिया 1.5-लीटर इंजन दिया गया है जो टोयोटा के हाइब्रिड सिस्टम और ई-ड्राइव ट्रांसमिशन से लैस है। ये इंजन माइल्ड वर्जन में 103 पीएस ताकत और 137 एनएम पीक टॉर्क बनाता है, वहीं स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम के साथ ये 116 पीएस जनरेट करता है। फिलहाल हाइराइडर की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 11.14 लाख रुपये है जो टॉप मॉडल के लिए 20.19 लाख तक जाती है।
फ्रंट-व्हील और फोर-व्हील ड्राइव
टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर के साथ फ्रंट-व्हील ड्राइव के साथ ऑ-व्हील ड्राइव सिस्टम भी दिया है और ये सेगमेंट की पहली कार बन गई है जिसके साथ एडब्ल्यूडी मिला है। इसके अलावा एसयूवी के साथ 17-इंच अलॉय व्हील्स, फुल एलईडी हेडलैंप्स, क्रिस्टल एक्रिलिक ग्रिल, एलईडी डीआरएल, सी शेप के एलईडी टेललाइट्स और टोयोटा बैजिंग दी गई है जो क्रोम फिनिश में आती है। कार का डैशबोर्ड मारुति सुजुकी बलेनो और हालिया लॉन्च हुई 2022 ब्रेजा से मिलता-जुलता है।
फीचर्स और सेफ्टी दोनों जोरदार
टोयोटा ने नई अर्बन क्रूजर हाइराइडर के केबिन में 9-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और बलेनो से लिया स्टीयरिंग व्हील दिया है। यहां कनेक्टेड कार तकनीक, पैनोरमिक सनरूफ, एंबिएंट लाइटिंग, अगली वेंटिलेटेड सीट्स, वायलेस चार्जर, 360-डिग्री कैमरा और मल्टी इंफो डिस्प्ले मिला है जिसपर ईंधन खपत से लेकर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम की रियल टाइम जानकारी मिलती है। इसके महंगे वेरिएंट्स के साथ हेड्सअप डिस्प्ले, लैदर सीट्स, सनरूफ, क्रूज कंट्रोल, 6 एयरबैग्स, एबीएस के साथ ईबीडी, हिल डीसेंट कंट्रोल और स्टेबिलिटी कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलेंगे।
