निसान (Nissan) ने भारत में अपनी नई सी-सेगमेंट SUV का नाम ‘टेकटन (Tekton)’ रखने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह मॉडल अगले-जेनरेशन रेनॉ डस्टर प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा और कंपनी की नई प्रोडक्ट स्ट्रैटेजी के तहत मिड-2026 में भारत में लॉन्च किया जाएगा।
निसान टेकटन: डिजाइन और एक्सटीरियर
निसान का कहना है कि टेकटन का डिजाइन बड़ी Patrol SUV से प्रेरित है। फ्रंट में C-शेप्ड LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स, इंटीग्रेटेड LED हेडलैंप्स और फुल-विड्थ लाइट बार दी गई है। सेंट्रल निसान लोगो और क्रोम एक्सेंट्स इसके लुक को प्रीमियम बनाते हैं।
रियर में भी C-शेप्ड LED टेल-लैंप्स और कनेक्टेड लाइट डिजाइन मिलता है। फ्रंट बंपर को क्लीन और बोल्ड लुक दिया गया है, जिसमें हल्के क्रोम एलिमेंट्स हैं। कंपनी के मुताबिक, फ्रंट फेंडर पर बना डबल C-शेप मोटिफ हिमालय की प्रेरणा से तैयार किया गया है।
निसान टेकटन: इंटीरियर और फीचर्स
कैबिन लेआउट नए रेनॉ डस्टर जैसा होगा, लेकिन निसान इसमें अपने अलग मटेरियल और फिनिश इस्तेमाल करेगा। निसान ने बताया है कि इंफोटेनमेंट हार्डवेयर डस्टर से लिया जाएगा, लेकिन सॉफ्टवेयर और इंटरफेस पूरी तरह निसान का खुद का डिजाइन होगा।
- 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम
- 7-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर
- ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल
- रियर AC वेंट्स
- मल्टीपल ड्राइव मोड्स
- 360-डिग्री कैमरा
निसान टेकटन: सेफ्टी फीचर्स
SUV में 6 एयरबैग तक और कई सेफ्टी व ड्राइवर असिस्ट फीचर्स मिलने की उम्मीद है। हालांकि यह अभी साफ नहीं है कि ADAS (Advanced Driver Assistance System), जो इंटरनेशनल डस्टर में उपलब्ध है, उसे भारतीय वर्जन में दिया जाएगा या नहीं।
निसान टेकटन: इंजन और ट्रांसमिशन
निसान टेकटन में संभवतः 1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया जाएगा, जो करीब 151.8 hp पावर और 250 Nm टॉर्क जनरेट करेगा। इसके साथ 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलने की संभावना है, हालांकि निसान ने अभी तक पावरट्रेन या ट्रांसमिशन से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की है। इसका मुकाबला क्रेटा और विक्टोरिस के अलावा कई कारों से होने वाला है।
