Mercedes-Benz EQS 580 Electric Sedan Bookings: मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने सितंबर 2022 के अंत में ही बिल्कुल नई EQS 580 लग्जरी इलेक्ट्रि्रक सेडान लॉन्च की है जिसकी एक्सशोरूम कीमत 1.55 करोड़ रुपये है. अब कंपनी ने ऐलान किया है कि इस कार के लिए 300 से भी ज्यादा ग्राहकों ने कन्फर्म बुकिंग करा ली है. लॉन्च के बाद से ही ये भारत की पहली और फिलहाल इकलौती लग्जरी कार बन गई है जिसे यहीं असेंबल किया जा रहा है. कंपनी इस शानदार कार को महाराष्ट्र में पुणे के नजदीक चाकन प्लांट में असेंबल कर रही है. इस कार के लॉन्च इवेंट में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कीमत जान कहा था, “ये कार तो मैं भी नहीं खरीद पाउंगा.”
सिंगल चार्ज में 850 किमी से ज्यादा रेंज
मर्सिडीज-बेंज EQS 580 को सिंगल चार्ज में 850 किमी से भी ज्यादा चलाया जा सकता है और इसकी बैटरी कुल 580 बीएचपी और 855 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करती हैं. कार में डुअल मोटर सेटअप वाला 107.8 किलोवाट-आवर बैटरी पैक लगाया गया है जो काफी दमदार है और EQS 580 को तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक सेडान बनाता है. सिर्फ 4.3 सेकंड में ही ये कार 0-100 किमी/घंटा रफ्तार पकड़ लेती है और इसकी टॉप स्पीड 210 किमी है.
केबिन में दिखती है असली लग्जरी
मर्सिडीज ने इस लग्जरी ईवी के केबिन में शानदार फीचर्स दिए हैं जिसमें सबसे पहले नजर बहुत बड़े 56-इंच के एमबक्स हाइपरस्क्रीन पर पड़ती है. इसके अलावा यहां अडेप्टिव एंबिएंट लाइटिंग, मसाल देने वाले पुर्जे, 15 स्पीकर वाला बर्मेस्टर म्यूजिक सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ और शानदार सेफ्टी फीचर्स भी कार को मिले हैं. दिखने में ये कार बहुत खूबसूरत है और कुछ मायनों में एस-क्लास से भी जबरदस्त है.
