मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय प्रीमियम हैचबैक Baleno का फेसलिफ्ट वर्जन लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने मुहर लगा दी है कि नई Maruti Suzuki Baleno Facelift को भारत में 5 सितंबर 2026 को लॉन्च किया जाएगा। फेस्टिव सीजन से ठीक पहले आने वाली इस अपडेटेड कार में डिजाइन, फीचर्स और केबिन को पहले से ज्यादा आकर्षक बनाने पर फोकस किया जा सकता है। हालांकि, कार के मैकेनिकल सेटअप में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।
मौजूदा Baleno मॉडल सेकेंड जनरेशन का हिस्सा है, जिसे साल 2022 में भारतीय बाजार में पेश किया गया था। फेसलिफ्ट के बाद भी यह कार प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में Tata Altroz, Hyundai i20 और Toyota Glanza जैसी कारों को टक्कर देती रहेगी।
फ्रंट डिजाइन में दिखेंगे सबसे बड़े बदलाव
Baleno Facelift के डिजाइन में सबसे ज्यादा बदलाव इसके फ्रंट हिस्से में देखने को मिल सकते हैं। अब तक सामने आए टेस्ट म्यूल्स के आधार पर कार में नया डिजाइन किया गया फ्रंट ग्रिल मिलने की उम्मीद है। ग्रिल में हॉरिजॉन्टल क्रोम बार दिया जा सकता है, जो दोनों हेडलैंप्स को जोड़ता हुआ दिखाई देगा।
कार में मौजूदा मॉडल के बूमरैंग शेप वाले LED DRLs को बरकरार रखा जा सकता है। वहीं, हेडलैंप का डिजाइन काफी हद तक मौजूदा मॉडल जैसा ही रहने की संभावना है। फ्रंट बंपर को नए डिजाइन के साथ अपडेट किया जा सकता है।
साइड और रियर प्रोफाइल में मामूली बदलाव
कार के साइड प्रोफाइल में बड़े बदलाव होने की उम्मीद कम है। Baleno Facelift में नए डिजाइन के अलॉय व्हील दिए जा सकते हैं, जबकि कार का ओवरऑल सिल्हूट मौजूदा मॉडल जैसा ही रह सकता है। इसमें पुल-टाइप डोर हैंडल और मौजूदा शोल्डर लाइन को बरकरार रखा जा सकता है। रियर हिस्से की बात करें तो यहां नए डिजाइन का बंपर देखने को मिल सकता है।
केबिन में मिल सकते हैं नए फीचर्स
Baleno Facelift के इंटीरियर में मौजूदा डैशबोर्ड लेआउट को बरकरार रखने की उम्मीद है। इसमें फ्री-स्टैंडिंग 9-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ट्रैपेजॉइड शेप वाले AC वेंट्स और थ्री-स्पोक स्टीयरिंग व्हील जैसे डिजाइन एलिमेंट्स जारी रह सकते हैं।
हालांकि, मारुति सुजुकी केबिन को फ्रेश फील देने के लिए नई अपहोल्स्ट्री और नए ट्रिम फिनिश पेश कर सकती है। इसके अलावा कार में कुछ अतिरिक्त कंफर्ट और कन्वीनियंस फीचर्स भी जोड़े जा सकते हैं।
मौजूदा मॉडल में ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, छह-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल ORVMs और ऑटो-डिमिंग IRVM जैसे फीचर्स मिलते हैं। फेसलिफ्ट मॉडल में भी इन फीचर्स के जारी रहने की उम्मीद है।
इंजन में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं
Maruti Suzuki Baleno Facelift के पावरट्रेन में बड़े बदलाव की संभावना कम है। इसमें मौजूदा 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन जारी रह सकता है। यह इंजन 90 hp की पावर और 113 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स का विकल्प मिल सकता है। Baleno का CNG वर्जन भी आगे जारी रहने की उम्मीद है।
