Bike Reserve Fuel Range: नई बाइक्स में आमतौर पर Low Fuel Warning या Fuel Gauge के जरिए कम पेट्रोल की जानकारी मिलती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि रिजर्व पर आने के बाद बाइक आखिर कितनी दूर तक चल सकती है? और क्या रिजर्व में बाइक चलाने से इंजन को नुकसान पहुंचता है?
सबसे पहले तो यही समझें कि रिजर्व के लिए बाइक में अलग से कोई पेट्रोल-टैंक नहीं होता। जहां पुराने फ्यूल-टैप सिस्टम में उसी मेन टैंक से अलग ऊंचाई वाले आउटलेट के जरिए पहले सामान्य फ्यूल और बाद में नीचे बचा हुआ फ्यूल इस्तेमाल किया जाता है। वहीं, आजकल की बाइक्स में फ्यूल लेवल सेंसर और Low Fuel Warning का इस्तेमाल होता है।
रिजर्व में कितना पेट्रोल बचता है?
अगर सवाल करें कि रिजर्व में बाइक में कितना पेट्रोल बचता है? तो इसका जवाब कुछ ऐसे समझें कि यह पूरी तरह से बाइक के मॉडल और फ्यूल टैंक की कैपेसिटी पर निर्भर करता है। आमतौर पर बाइक्स में रिजर्व फ्यूल 1से 2.5 लीटर तक हो सकता है। इसकी सटीक जानकारी के लिए आप अपनी बाइक के Owner's Manual को चेक कर सकते हैं। उदाहरण के लिए Hero Splendor iSmart को लेकर ऑफिशियल वेबसाइट में दी गई जानकारी के अनुसार, इस बाइक में कुल 8.5 लीटर टैंक क्षमता के साथ 2 लीटर Reserve Supply मिलती है, जिसमें 1.4 लीटर Usable reserve है। इससे साफ है कि रिजर्व की मात्रा मॉडल के हिसाब से काफी अलग हो सकती है।
रिजर्व पर कितने किलोमीटर चल सकती है बाइक?
इसका भी कोई एक निश्चित जवाब नहीं है। बाइक रिजर्व पर कितनी दूरी चलेगी, यह मुख्य रूप से बची हुई पेट्रोल की मात्रा और बाइक के माइलेज पर निर्भर करता है। उदाहरण के लिए मान लें कि किसी बाइक में 1.5 लीटर रिजर्व फ्यूल बचा है, ऐसे में बाइक लगभग 50 किलोमीटर प्रति लीटर माइलेज के साथ 70-75 किलोमीटर की दूरी कवर कर सकती है। हालांकि, बाइक की असल दूरी ट्रैफिक, राइडिंग स्पीड, रोड की स्थिति, बाइक के वजन और इंजन की स्थिति पर ही निर्भर करेगी। इस बात को समझें कि रिजर्व का उद्देश्य राइडर को नजदीकी पेट्रोल पंप तक पहुंचने का मौका देना है, न कि लंबे समय तक बिना पेट्रोल भरवाए बाइक चलाना।
क्या रिजर्व पर बाइक चलाने से इंजन खराब होता है?
अब सवाल ये है कि क्या रिजर्व फ्यूल पर बाइक चलाने से इंजन को कोई नुकसान पहुंचता है। इस सवाल का जवाब यह है कि कुछ समय के लिए रिजर्व फ्यूल का इस्तेमाल करना गलत नहीं है, आमतौर पर इंजन को इससे सीधा नुकसान नहीं पहुंचता। लेकिन बार-बार बाइक को रिजर्व फ्यूल पर चलाया जाए तो यह एक अच्छी आदत नहीं मानी जाती। दरअसल, ऐसा लंबे समय तक करते हैं तो टैंक के निचले हिस्से में अशुद्धियां जमा हो सकती हैं। कुछ फ्यूल इंजेक्शन बाइक्स में फ्यूल पंप की कूलिंग भी फ्यूल से प्रभावित होती है, इसलिए टैंक को बार-बार खाली करना सही नहीं माना जाता।
