ऑटो न्यूज़

अब सड़कों पर दिखेगी Hero की सबसे दमदार बाइक, Mavrick 440 की डिलीवरी शुरू

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Apr 17, 2024, 12:37 PM IST

Hero Mavrick 440 Delivery: हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी सबसे दमदार मैवरिक 440 मोटरसाइकिल की डिलीवरी देना शुरू कर दिया है। इस बाइक की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 1.99 लाख रुपये है जो टॉप मॉडल के लिए 2.24 लाख तक जाती है। इसके मिड स्पेक वेरिएंट की एक्सशोरूम कीमत 2.14 लाख रुपये रखी गई है।

Image

बाइक की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 1.99 लाख रुपये है।

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • हीरो मैवरिक 440 की डिलीवरी शुरू
  • हीरो की सबसे दमदार मोटरसाइकिल
  • शुरुआती कीमत 2 लाख से भी कम

Hero Mavrick 440 Delivery: हीरो मोटोकॉर्प ने कुछ समय पहले ही अपनी सबसे दमदार मैवरिक 440 मोटरसाइकिल भारत में लॉन्च की है। अब कंपनी ने ग्राहकों को इसकी डिलीवरी देना शुरू कर दिया है और पहली बाइक्स खुद कंपनी के मुखिया पवन मुंजाल ने ग्राहकों को सौंपी। इस बाइक की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 1.99 लाख रुपये है जो टॉप मॉडल के लिए 2.24 लाख तक जाती है। इसके मिड स्पेक वेरिएंट की एक्सशोरूम कीमत 2.14 लाख रुपये रखी गई है। इस कीमत के साथ हीरो दमदार मोटरसाइकिल सेगमेंट में तगड़ा मुकाबला पेश करने वाली है, ऐसे में अगर आप रॉयल एनफील्ड, होंडा या जावा बाइक्स से बोर हो गए हैं तो ये नया विकल्प सामने आया है।

किनसे है मुकाबला

कंपनी ने इसे हार्ली-डेविडसन के साथ मिलकर तैयार किया है और ये नई बाइक हार्ली एक्स440 रोड्सटर पर आधारित है। कंपनी ने इसे चार रंगों और तीन वेरिएंट्स में पेश किया है। इसका बेस वेरिएंट स्पोक व्हील्स और इकलौते आर्कटिक व्हाइट कलर में उपलब्ध होगा। हीरो मैवरिक 440 के मिड वेरिएंट में ग्राहकों को अलॉय व्हील्स मिलेंगे और दो रंगों - सेलेस्टियल ब्लू और फियरलेस रेड में ये बाइक उपलब्ध होगी। इसके अलावा टॉप वेरिएंट के साथ मशीन्ड अलॉय व्हील्स मिलेंगे, वहीं फैंटम ब्लैक और एनिग्मा ब्लैक कलर्स में ये बाइक पेश की गई है।

लुक और स्टाइल में जोरदार

हीरो मोटोकॉर्प ने नई मैवरिक 440 को जोरदार स्टाइल और डिजाइन दिया है। यहां एलईडी प्रोजेक्टर के साथ गोल हेडलैंप और एच आकार के डीआरएल दिए हैं। अगला हिस्सा जितना आक्रामक दिखता है, पिछला हिस्सा भी उतना ही आकर्षक बनाया गया है जो इसे स्पोर्टी लुक देता है। बाइक को सभी जगह एलईडी लाइटिंग मिली है, पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, टर्न बाय टर्न नेविगेशन और कॉल/मैसेज अलर्ट भी राइडर को मिलेंगे। बाइक के साथ स्लिपर क्लच के अलावा सी टाइप यूएसबी चार्जिंग पोर्ट भी मिला है।

सबसे दमदार हीरो बाइक

नई मैवरिक 440 अब तक की सबसे दमदार हीरो बाइक बन गई है जिसके साथ 440 सीसी का ऑयल-कूल्ड इंजन दिया गया है। यही दमदार इंजन हार्ली-डेविडसन की एक्स440 रोड्सटर मोटरसाइकिल के साथ भी मुहैया कराया जा रहा है। सिंगल सिलेंडर वाला ये इंजन 27 बीएचपी ताकत और 36 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी ने इस इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया है जो सामान्य तौर पर स्लिपर और असिस्ट क्लच से लैस है। दिखने में हीरो मैवरिक 440 बहुत जोरदार है और कहीं ना कहीं इसका मुकाबला रॉयल एनफील्ड की दमदार मोटरसाइकिल से होने वाला है।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article