BYD Atto3 Safety Rating: बीवायडी ने 11 अक्टूबर को ही भारत में एट्टो3 इलेक्ट्रिक एसयूवी से पर्दा हटाया है और संभावित रूप से दिवाली या नवंबर 2022 में इसे लॉन्च किया जाएगा. कारों की सुरक्षा की जांच करने वाले Euro NCAP ने हाल में बीवायडर एट्टो3 का क्रैश टेस्ट करके देखा है जिसमें इसे सेफ्टी के लिए पूरे 5-स्टार दिए गए हैं. भारतीय सड़कों के हिसाब से 5 सितारा रेटिंग बहुत जरूरी है और सरकार भी चालक और यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है. इस क्रैश टेस्ट में एट्टो3 को 91 फीसदी अंक और बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से 89 प्रतिशत अंक मिले हैं. सेफ्टी असिस्टेंस पर नजर डालें तो इसे 74 पर्सेंट नंबर मिले हैं.
(Video Credit: Euro NCAP)
क्रैश टेस्ट में कितनी सुरक्षित थी डमी
Euro NCAP ने ये क्रैश टेस्ट लेफ्ट हैंड ड्र्राइव मॉडल का किया है, लेकिन यहीं सेफ्टी रेटिंग राइट हैंड ड्राइव पर भी लागू होगी. क्रैश टेस्ट के दौरान आगे से हुई टक्कर में ये इलेक्ट्रिक एसयूवी स्थिर यानी स्टेबल पाई गई है. इसमें आगे बैठे लोगों के घुटनों और जांघ की हड्डी काफी सुरक्षित पाई गई हैं. साइड से टक्कर वाले टेस्ट में भी शरीर से मुख्य अंग काफी सुरक्षित पाए गए, यही वजह रही कि Euro NCAP ने इस कार को 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग दी है.
डिलीवरी जनवरी 2023 से शुरू होगी
बीवायडी इंडिया ने भारतीय मार्केट में अपनी इलेक्ट्रिक एमपीवी ई6 के साथ एंट्री की है और अब कंपनी ने इसे पोर्टफोलियो में बदलना शुरू कर दिया है. बीवायडी ने नई इलेक्ट्रिक एसयूवी देश में लॉन्च की है जिसका नाम एट्टो3 है. अनुमान है कि कंपनी इसी महीने नई इलेक्ट्रिक एसयूवी की कीमतों का ऐलान करेगी. अभी बीवायडी एट्टो3 के लिए बुकिंग शुरू कर दी गई है और दिलचस्पी रखने वाले 50,000 रुपये टोकन देकर इसे बुक कर सकते हैं. कंपनी ने कहा है कि इस इलेक्ट्रिक एसयूवी की डिलीवरी जनवरी 2023 से शुरू होगी.
तेज रफ्तार है इलेक्ट्रिक एसयूवी
बीवायडी एट्टो3 की इलेक्ट्रिक मोटर कुल 200 हॉर्सपावर और 310 एनएम पीक टॉर्क बनाती है. इस ताकत के साथ ये 7.3 सेकंड में ही 0-100 किमी/घंटा रफ्तार पकड़ लेती है, वहीं इसके साथ तीन ड्राइविंग मोड्स - ईको, नॉर्मल और स्पोर्ट दिए गए हैं. एआरएआई की मानें तो सिंगल चार्ज में नई इलेक्ट्रिक एसयूवी को 521 किमी तक चलाया जा सकता है, वहीं एनईडीसी का दावा है कि इसकी रेंज 480 किमी है. इसका मुकाबला एमजी जैडएस ईवी और ह्यून्दे कोना से होगा और हमारा मानना है कि इसकी कीमत 25-28 लाख रुपये के इर्द-गिर्द होगी.
सेफ्टी के तगड़े फीचर्स मिलेंगे
बीवायडी ने एट्टो3 को ड्रैगन के चेहरे से प्रेरित एयरोडायनामिक्स दिए हैं, ऐसे में इसका चेहरा और भी आकर्षक बनता है. कार के साथ क्रिस्टल एलईडी कॉम्बिनेशन वाले हेडलाइट्स और एलईडी की पट्टी अगले और पिछले हिस्से में मिली है. इसके अलावा 18-इंच के अलॉय व्हील्स काफी आकर्षक नजर आ रहे हैं. बीवायडी ने एट्टो3 में 7 एयरबैग्स, एबीएस के साथ ईबीडी, हिल डिसेंट कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल, ऑटो होल्ड और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे कई अन्य फीचर्स कार को मिले हैं.
केबिन और फीचर्स में जोरदार
बीवायडी एट्टो3 में पैनोरमिक सनरूफ मिली है. यहां 12.8 इंच इंफोटेनमेंट सिस्टम मिला है जो एक बटन से रोटेट हो जाता है. 8 स्पीकर्स, 360 डिग्री पार्किंग कैमरा, एनएफसी कार्ड की, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग और इलेक्ट्रिक सीट अडजस्टमेंट जैसे फीचर्स भी कार को मिले हैं. मुख्य रूप से लेवल 2 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम दिया गया है जिसके अंतर्गत ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन, लेन डिपार्चर वार्निंग, अगले और पिछले हिस्से में टक्कर की वार्निंग, रियर क्रॉस ट्रैफिक अलर्ट और ब्रेक, लेन कीपिंग असिस्ट और अडेप्टिव फ्रंट लाइट आते हैं.
