2022 Kia Seltos Facelift Breaks Cover: किआ मोटर इंडिया ने 2019 में ग्राहकों के बीच पॉपुलर सेल्टोस SUV को अपडेट किया था, अब कंपनी मुकाबले में इसे ताजा बनाए रखने के लिए दोबारा इसे बड़े बदलावों के साथ पेश करने वाली है. किआ इंडिया (Kia India) ने नई 2022 सेल्टोस SUV को चेहरे में हल्के बदलाव और बड़े पैमाने पर अपडेटेड केबिन दिया है. मौजूदा Seltos के मुकाबले SUV के 2022 मॉडल के साथ भले ही एक्सटीरियर में हल्के-फुल्के बदलाव किए गए हों, लेकिन KIA ने इसके केबिन में जोरदार बदलाव किए हैं और ये पहले की तुलना में बहुत एडवांस हो गया है.
बाहर से कितनी बदली 2022 सेल्टोस
2022 किआ सेल्टोस के एक्सटीरियर में हुए बदलाव साफ देखे जा सकते हैं. SUV के साथ बदले हुए एलईडी डेटाइम रनिंग लाइट्स और कुछ हटके फॉगलैंप्स दिए गए हैं. किआ सेल्टोस फेसलिफ्ट के साथ नई स्किड प्लेट मिलेगी, वहीं इसकी मेश ग्रिल का साइज अब कुछ बढ़ गया है. पिछले हिस्से पर नजर डालें तो ये कुछ चौड़ा नजर आता है और इसके टेलगेट को भी पैना रखा गया है. पिछले बंपर की प्लास्टिक क्लैडिंग पर अब लाल रिफ्लेक्टर्स दिए गए हैं.
बड़े बदलावों के साथ आया केबिन
2022 किआ सेल्टोस फेसलिफ्ट के केबिन में अपडेटेड डैशबोर्ड दिया गया है जो अगल-बगल लगे दो 10.25-इंच डिस्प्ले के साथ आया है. इसके रोटरी डायल को अब गियर लीवर से बदल दिया गया है और इसके साथ मौजूदा मॉडल की तरह दो बटनें दी हुई हैं. नई सेल्टोस के साथ एचवीएसी कंट्रोल्स भी दिए गए हैं. किआ इंडिया संभवतः अगले महीने यानी जुलाई में इसकी तकनीक जानकारी का खुलासा कर सकती है, इसके अलावा बुसान मोटर शो में इसकी ज्यादा जानकारी कंपनी मुहैया करा सकती है.

