दुनिया

'यूनुस सरकार बांग्लादेश में गैर-मुसलमानों पर कर रही 'अकल्पनीय अत्याचार'...हिंदू युवक की हत्या पर भड़कीं शेख हसीना

शेख हसीना ने क्रिसमस के मौके पर दिए संदेश में यूनुस सरकार पर सभी धर्मों और समुदायों के लोगों के अपने-अपने धर्मों का पालन करने की स्वतंत्रता में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया।

Image

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना (फाइल फोटो: canva)

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार पर बृहस्पतिवार को जमकर हमला बोला और उस पर गैर-मुसलमानों के खिलाफ 'अकल्पनीय अत्याचार” करने का आरोप लगाया।अवामी लीग प्रमुख हसीना ने कहा कि अवैध रूप से सत्ता हासिल करने वाली यूनुस सरकार में 'धार्मिक अल्पसंख्यकों को बेरहमी से मार डालने जैसी भयावह घटनाएं सामने आ रही हैं।' उनका इशारा स्पष्ट रूप से बांग्लादेश में पिछले हफ्ते एक हिंदू युवक की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना की ओर था।

हसीना ने क्रिसमस के मौके पर दिए संदेश में यूनुस सरकार पर सभी धर्मों और समुदायों के लोगों के अपने-अपने धर्मों का पालन करने की स्वतंत्रता में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, 'अंतरिम सरकार खासतौर पर गैर-मुसलमानों के खिलाफ अकल्पनीय अत्याचार कर रही है। उसके शासन में धार्मिक अल्पसंख्यकों को बेरहमी से मार डालने जैसी भयावह घटनाएं भी सामने आई हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि बांग्लादेश की जनता इस काले दौर को और अधिक समय तक जारी नहीं रहने देगी।'

हसीना ने उम्मीद जताई कि क्रिसमस बांग्लादेश में ईसाइयों और अन्य धर्मों के अनुयायियों के बीच सद्भाव और सामंजस्य की भावना को और बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा, 'क्रिसमस के इस शुभ अवसर पर, मैं सभी ईसाई भाई-बहनों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना करती हूं। काले दौर के खत्म होने और उम्मीदों की एक नयी सुबह की आशा है। बांग्लादेश अमर रहे।'

तारिक रहमान लगभग 17 साल के निर्वासन के बाद देश लौट आए

वहीं ताजा घटनाक्रम में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के कार्यवाहक अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्ष तारिक रहमान लगभग 17 साल के निर्वासन के बाद गुरुवार को देश लौट आए। यह वापसी, जो उनकी मां और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की सेहत के कारण व्यक्तिगत मजबूरी से हुई, को देश में 12 फरवरी को होने वाले संसदीय चुनावों से पहले BNP पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एक बूस्ट के तौर पर भी देखा जा रहा है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article