White House Shooting: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आधिकारिक आवास 'व्हाइट हाउस' के पास रविवार को गोलीबारी की घटना घटी। हमलावर ने कम से कम 20-25 राउंड फायरिंग की। गौरतलब है कि जब यह घटना घटी उस समय ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे। इतना ही नहीं इस दौरान कई न्यूज रिपोर्टर भी व्हाइट हाउस परिसर से रिपोर्टिंग कर रहे थे। सोशल मीडिया पर एबीसी न्यूज की पत्रकार सेलिना वांग की एक वीडियो काफी वायरल हो रही है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि गोलियों की आवाज सुनकर पत्रकार सेलिना वांग नीचे बैठ गईं। खुद को संभालने में उन्हें कुछ सेकंड लगे और फिर वे छिपने के लिए नीचे झुक गईं। घटना के समय वह परिसर के अंदर वीडियो शूट कर रही थीं।
शोरगुल से घबराकर एनबीसी न्यूज की जूली टिर्स्किन ने पूछा, "यह क्या है?" उनके कैमरामैन ने रिकॉर्डिंग जारी रखी। गोलीबारी के तुरंत बाद व्हाइट हाउस लॉन में मौजूद सभी पत्रकारों को भागने और प्रेस ब्रीफिंग रूम में शरण लेने का आदेश दिया गया।
व्हाइट हाउस में गोलीबारी के बाद सभी पत्रकारों को तुरंत परिसर खाली करने को कहा गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि सभी पत्रकारों को सुरक्षाकर्मी भागने का आदेश दे रहे हैं।
कौन था हमलावर?
शूटर का नाम 21 वर्षीय नसीरे बेस्ट है। बता दें कि घटना के वक्त ट्रंप व्हाइट हाउस परिसर में मौजूद थे। फायरिंग में एक नागरिक को लगी गोली। इस घटना के बाद व्हाइट हाउस की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह मानसिक रूप से परेशान था और खुद को आधुनिक दौर का यीशु मसीह मानता था।
पेनसिलवेनिया एवेन्यू के पास हुई फायरिंग
US सीक्रेट सर्विस द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह फायरिंग व्हाइट हाउस परिसर से महज एक ब्लॉक दूर '17th स्ट्रीट और पेनसिलवेनिया एवेन्यू नॉर्थवेस्ट' के चौराहे के पास हुई। शुरुआती लॉ इनफोर्समेंट रिपोर्टों के मुताबिक, सीक्रेट सर्विस के यूनिफॉर्म डिवीजन के अधिकारियों का सामना एक हथियारबंद संदिग्ध से हुआ था, जिसके बाद वहां गोलियां चलीं।
एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल (Kash Patel) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए इस घटना की जानकारी दी। "एफबीआई की टीम घटना स्थल पर मौजूद है और व्हाइट हाउस परिसर के पास हुई फायरिंग का जवाब देने में सीक्रेट सर्विस की पूरी मदद कर रही है। जैसे ही हमें पुख्ता जानकारी मिलेगी, हम जनता को इस संबंध में लगातार अपडेट देते रहेंगे।"
